भरतपुर-डीग को ₹1,186 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन, ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ का शुभारंभ
भुसावर को ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने की घोषणा
घोषणाओं को धरातल पर उतारना ही हमारी कार्य संस्कृति, शिक्षा और विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता-मुख्यमंत्री

हिंद रफ्तार
जयपुर/भरतपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर जिले की वैर तहसील स्थित खेड़ली गुर्जर से प्रदेशवासियों को विकास, शिक्षा और आधारभूत संरचना की ऐतिहासिक सौगात दी। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने एक ओर कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म के लिए ₹250 करोड़ की डीबीटी राशि हस्तांतरित की, वहीं दूसरी ओर भरतपुर एवं डीग जिले के लिए ₹1,186 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर विकास की नई इबारत लिख दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों में अध्ययन संस्कृति विकसित हो तथा विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। हमारी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें तय समय सीमा में धरातल पर उतारना ही हमारी कार्य संस्कृति है।

युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और महिलाओं को सशक्त बनाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्तियों की तैयारी चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता से संचालित की जा रही है तथा पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने एक करोड़ पात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर ₹1450 प्रतिमाह की, गर्भवती महिलाओं के लिए माँ वाउचर योजना लागू की तथा लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त सहायता देकर ₹9,000 वार्षिक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ किया। साथ ही निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण तथा उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें पढ़ाई, खेल और नवाचार के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि युवा शक्ति ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की मजबूत नींव है।

भुसावर को मिली बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग स्वीकार करते हुए भुसावर को ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने की घोषणा की। इस निर्णय से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
भरतपुर-डीग में विकास परियोजनाओं की बारिश
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, सिंचाई, ड्रेनेज, खेल, आईटीआई, पुलिस, पशुपालन और शहरी विकास सहित ₹1,186 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें बालिका सैनिक स्कूल, आधुनिक विश्राम गृह, भूमिगत विद्युत लाइनें, छह लेन सड़कें, ड्रेनेज नेटवर्क, बस स्टैंड, अस्पताल, आईटीआई, फॉरेंसिक साइंस लैब, खेल परिसर, पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण, बाईपास, आरओबी तथा अनेक विद्युत उपकेंद्र प्रमुख हैं।

शिक्षा मंत्री बोले— बेटियों के लिए ऐतिहासिक कदम
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। बालिका सैनिक विद्यालय का निर्माण बेटियों के सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में लगातार सुधार हो रहा है, जिसका श्रेय शिक्षकों की मेहनत को जाता है।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली, जगत सिंह, शैलेश सिंह, ऋतु बनावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे





