Traffic Tail

होटल में दोस्त की गला घोंटकर हत्या, 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

यूट्यूब पर हत्या के बाद बचने के तरीके देखे, फिर पुलिस ने 300 से अधिक CCTV खंगालकर दबोचा

हिंद रफ्तार,अनिल शर्मा
जयपुर। जयपुर पश्चिम के बिन्दायका थाना क्षेत्र स्थित श्री होटल, सिवार मोड़ में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को दौसा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के बाद मोबाइल फ्लाइट मोड पर कर दिए और यूट्यूब पर हत्या के बाद पुलिस से बचने के तरीके तथा सजा से जुड़ी जानकारी भी खोजी। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते उनकी फरारी की योजना नाकाम हो गई।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशान्त किरण ने बताया कि 25 जुलाई को श्री होटल, सिवार मोड़ के एक कमरे में युवक का संदिग्ध शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान दिनेश उर्फ दन्शी गवारिया के रूप में हुई। होटल रिकॉर्ड से पता चला कि वह अपने दो साथियों संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया के साथ कमरे में ठहरा था, लेकिन दोनों घटना के बाद से फरार थे।

मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त दीपक खण्डेलवाल के निर्देशन में थानाधिकारी अनिल जैमिनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

300 से अधिक CCTV कैमरे खंगाले
पुलिस टीम ने दौसा जिले के होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टोल प्लाजा और संभावित ठिकानों पर करीब 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर भण्डारेज रोड स्थित गोविन्द देवजी मंदिर के पास चाय की थड़ी से दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

शराब पार्टी के विवाद में दोस्त की हत्या
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को तीनों युवक होटल के कमरे में रुके थे और शराब पी रहे थे। शराब पार्टी के खर्च को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि संजय और नितेश ने मिलकर दिनेश के गले में पड़े दुपट्टे (स्टॉल) से उसका गला घोंट दिया और शव छोड़कर फरार हो गए।

यूट्यूब पर खोजते रहे बचने के तरीके
पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फ्लाइट मोड पर कर दिए, मृतक के मोबाइल की सिम तोड़ दी और दौसा में होटल के वाई-फाई से यूट्यूब पर “हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें”, “पुलिस कैसे पकड़ती है” और “हत्या की सजा कितनी होती है” जैसे वीडियो देखे। इसके बाद दोनों खाटूश्यामजी मंदिर जाकर माफी मांगने पहुंचे और फिर गुजरात भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद कर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।

विशेष भूमिका निभाने वाली टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल जैमिनी, उपनिरीक्षक गोवर्धन सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमावत, तकनीकी शाखा के दिनेश कुमार व राजमहेन्द्र सिंह, कांस्टेबल श्रीराम (12117), सुधीर कुमार, बाबूलाल, सागर और शुभम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार आरोपी तक पहुंचने में कांस्टेबल श्रीराम (12117) की सूचना और त्वरित कार्रवाई विशेष रूप से निर्णायक रही।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179