Traffic Tail

करौली पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा 15 साल से फरार 20 हजार का ईनामी जालसाज आगरा से दबोचा

महानिदेशक पुलिस के निर्देशानुसार अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत करौली जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।जिला स्पेशल टीम ने जालसाजी और गबन के करीब आधा दर्जन मामलों में पिछले 15 वर्षों से फरार चल रहे 20,000 रुपये के ईनामी आरोपी अनूप जैन को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज कैलाश चन्द्र विश्नोई और एसपी करौली लोकेश सोनवाल के निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।जिला स्तर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र पाल सिंह के सुपरविजन में गठित डीएसटी टीम ने सटीक आसूचना संकलित कर इस शातिर जालसाज को शाहगंज, आगरा से दस्तयाब किया।

पोस्टमैन की नौकरी में किया था लाखों का गबन

पकड़ा गया आरोपी अनूप जैन पुत्र रिखवचंद जैन निवासी पटोंदा करौली वर्ष 2009-10 में ग्राम पटोंदा के डाकघर में पोस्टमैन के पद पर तैनात था।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पद पर रहते हुए कई लोगों की एफडी और पीएलआई पूर्ण होने पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए पैसों का खुद भुगतान उठा लिया था। इस जालसाजी के विरुद्ध थाना श्रीमहावीरजी में धोखाधड़ी और दस्तावेजों की कूटरचना के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हुए थे।

पहचान बदलकर आगरा में काट रहा था फरारी

गबन की वारदातों के बाद आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए गांव पटोंदा छोड़कर उत्तर प्रदेश भाग गया था।उसने पुलिस को चकमा देने के लिए आगरा के सरस्वती नगर शाहगंज में अपना ठिकाना बनाया और वहाँ का फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया। 15 सालों तक वह अपनी पहचान छुपाकर मजदूरी का काम कर रहा था। हाल ही में 14 फरवरी 2026 को एसपी करौली ने इसकी गिरफ्तारी पर 20,000 रुपये का ईनाम घोषित किया था।

मजदूरों की चौपाटी से डीएसटी टीम ने बिछाया जाल

डीएसटी प्रभारी एएसआई रामकुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल रविकुमार को आगरा भेजा गया था।खुफिया जानकारी मिली कि आरोपी वर्तमान में बोदला तिराहा पर मजदूरों की चौपाटी पर काम की तलाश में आता है। 23 फरवरी को जब आरोपी मजदूरी नहीं मिलने के कारण अपने निवास स्थान सरस्वती नगर में मौजूद था, तभी डीएसटी टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।आरोपी को दस्तयाब कर थाना श्रीमहावीरजी लाया गया,जहाँ उसे अग्रिम कानूनी कार्यवाही हेतु थानाधिकारी को सुपुर्द कर दिया गया है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179