Traffic Tail

राज्य स्तरीय रोजगार मेले में प्रशस्त हुई 9 हजार 460 युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की राह

वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस श्रृंखला का प्रथम कार्यक्रम गुरुवार, 25 दिसम्बर 2025 को वाणिज्य महाविद्यालय परिसर, जे.एल.एन. मार्ग, जयपुर में सम्पन्न हुआ।

राज्य स्तरीय रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं तथा युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में कभी हताश न हों और असफलताओं को सफलता की सीढ़ी बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उनके जीवन को खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के प्रत्येक जिले में रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 1 लाख 50 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न नियोजकों द्वारा चयनित 1 दिव्यांग एवं 10 बेरोजगार आशार्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय उप मुख्यमंत्री प्रेमचन्द बैरवा एवं माननीया उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष विश्वकर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य स्तरीय रोजगार मेले का सफल आयोजन आयुक्त, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग ऋषभ मण्डल के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में माननीय केबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उपस्थित आशार्थियों एवं नियोजकों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर की उपनिदेशक नवरेखा ने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 13 हजार आशार्थियों ने भाग लिया। मेले में निर्माण, लॉजिस्टिक, होटल, बैंकिंग, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा, सिक्योरिटी, कॉल सेंटर, बीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 167 निजी नियोजकों ने सहभागिता की। इनमें से 9 हजार 300 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया तथा 160 आशार्थियों का प्रशिक्षण हेतु चयन किया गया। इस प्रकार कुल 9 हजार 460 युवा आशार्थी रोजगार मेले से लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम के दौरान मोटिवेशनल स्पीकर एवं क्राउड एंगेजमेंट स्पेशलिस्ट अनाम कुमार ने होल्डिंग एरिया में युवाओं को प्रेरित करते हुए अपने उत्साहवर्धक उद्बोधन से उनमें आत्मविश्वास एवं जोश का संचार किया।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179