राहुल गांधी का कोटा दौरा एक ‘कॉमेडी सर्कस’, युवाओं की संवेदनाओं पर पॉप सिंगर नचवा रही है कांग्रेस
भजनलाल सरकार में पारदर्शी तरीके से हुईं सवा लाख भर्तियां, न पर्ची चली, न खर्ची
गहलोत राज में हुए 19 पेपर लीक, युवाओं की आत्महत्याओं पर मौन रहने वाले आज बहा रहे हैं घड़ियाली आंसू– राजेंद्र राठौड़

*हिंद रफ्तार,जयपुर*
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह दौरा विद्यार्थियों की पीड़ा के प्रति वास्तविक संवेदना नहीं, बल्कि एक भ्रम फैलाने का राजनीतिक आयोजन और दिखावा है। देश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब दिवंगत को श्रद्धांजलि देने के लिए पॉप सिंगर्स के गानों पर परफॉर्मेंस करवाई जा रही है। कांग्रेस का यह प्रायोजित कार्यक्रम एक ‘फ्लॉप शो’ और ‘कॉमेडी सर्कस’ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीट परीक्षा निरस्त होने से अवसाद में जान गंवाने वाले दिल्ली और देहरादून के दो मासूम बच्चों को श्रद्धांजलि देने के नाम पर कोटा में तमाशा कर रही है। श्रद्धांजलि और संवेदना जैसे गंभीर विषयों के बीच पॉप सिंगर्स को मंच पर बुलाकर कार्यक्रम को मनोरंजन का स्वरूप देना दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने यूपीऐ के पूर्ववर्ती शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि यूपीए के कार्यकाल से चार गुना सीटे बढी और एम्स, इंजीनियरिंग कॉलेजो, मेडिकल कालेजो मे वृद्धि हुई हैं पूर्ववर्ती कांग्रेस गहलोत सरकार के समय राजस्थान में एक के बाद एक 19 पेपर लीक हुए। दर्जनों होनहार विद्यार्थियों ने अवसाद में आकर आत्महत्याएं कीं, लेकिन उस समय न तो राहुल गांधी को राजस्थान के युवाओं की याद आई और न ही उन्होंने कोई संवेदना व्यक्त की। आज जब केंद्र और राज्य सरकार पारदर्शी व्यवस्था के साथ काम कर रही है, तब राहुल गांधी नीट परीक्षा से ठीक 72 घंटे पहले कोटा आकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट का एक साथ उपस्थित होना भी कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाते हुए कहा कि सचिन पायलट ने अपनी जनसंघर्ष यात्रा के दौरान कहा था कि वे राजस्थान के युवाओं और विद्यार्थियों को न्याय दिलाएंगे तथा पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। राहुल गांधी जी को आज मंच पर खड़े होकर पायलट जी से पूछना चाहिए कि उन्होंने राजस्थान के युवाओं को कितना न्याय दिलाया?
उन्होंने कहा आज राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद हो चुका है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 45 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी हैं, जिनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। इससे लगभग सवा लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियां दी गई हैं। राज्य में अब ‘ना पर्ची चलती है, ना खर्ची चलती है’, सिर्फ योग्यता को सम्मान मिलता है।





