Traffic Tail

जेडीए की चकाचौंध पर अवैध निर्माणों की बढती संख्या, इकोलॉजिकल क्षेत्र महज कागजों तक सीमित

निर्माण पर किसका संरक्षण?

*नोटिसों को दिखाया ठेंगा, रुका निर्माण फिर हुआ शुरू*

“पुरानी चुंगी आगरा रोड स्थित नोरंग विहार के भूखण्ड संख्या-3 पर बेसमेंट की छत पूरी, ग्राउंड फ्लोर का काम जारी; आखिर किसके संरक्षण में चल रहा निर्माण?”

हिंद रफ्तार,जयपुर
इकोलॉजिकल क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के दावों की पोल एक बार फिर खुलती नजर आ रही है। आगरा रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास नोरंग विहार के भूखण्ड संख्या-3 पर कॉमर्शियल निर्माण कार्य एक बार फिर तेज गति से संचालित हो रहा है। हैरत की बात यह है कि सूत्रों के अनुसार इस निर्माण के संबंध में पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माणकर्ता बेखौफ होकर निर्माण को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

मौके पर बेसमेंट की छत डाली जा चुकी है, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर पिलर भरने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य दिन-रात जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नजरें मानो इस ओर पहुंच ही नहीं रही हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि संबंधित विभाग द्वारा नोटिस जारी किए गए थे तो फिर निर्माण कार्य दोबारा कैसे शुरू हो गया? क्या विभागीय कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है या फिर किसी प्रभावशाली संरक्षण के चलते नियम-कायदों को खुलेआम चुनौती दी जा रही है?

इकोलॉजिकल क्षेत्र में कॉमर्शियल निर्माण की अनुमति नहीं होने के बावजूद जिस प्रकार से निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है, उसने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि बिना किसी मजबूत संरक्षण के इतना बड़ा निर्माण कार्य संभव नहीं है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक ओर प्रशासन अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में कार्रवाई के बजाय चुप्पी साध ली जाती है। यही वजह है कि निर्माणकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं और नोटिसों के बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है।

अब निगाहें संबंधित अधिकारियों पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या विभाग इस निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई करेगा या फिर नोटिस जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेगा? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला विभागीय मिलीभगत और संरक्षण के आरोपों को और अधिक बल दे सकता है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179