जयपुर के कालवाड़ रोड बाइपास पर भीषण सड़क हादसे में दो स्कूटी सवार ममेरे भाईयों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
यह घटना सुल्तान गार्डन के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटी सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मोहित ओझा (25 वर्ष) और प्रमोद कुमार (39 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रोज की तरह पीओपी का काम करने के लिए सुबह घर से निकले थे।

ट्रेलर का ड्राइवर फरार, केस दर्ज
सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल में रखवाया गया।
हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। गोकुलपुरा फाटक के पास से पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
मृतक मोहित के पिता जयप्रकाश की रिपोर्ट पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है।
रुड महल गार्डन के सामने तेज स्पीड ट्रेलर ने ली दोनों की जान
थाना प्रभारी सवाई सिंह ने बताया- मोहित स्कूटी चला रहा था और प्रमोद पीछे बैठा था। जैसे ही वे रुड महल गार्डन के सामने सर्विस रोड पर पहुंचे, तब पीछे से आ रहे ट्रेलर ने स्पीड के कारण टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सड़क पर गिर गई और दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- ट्रेलर की स्पीड इतनी तेज थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दोनों पर घर के भरणपोषण की थी जिम्मेदारी
हादसे के बाद जैसे ही इनके परिजनों को मौत की खबर पहुंची। परिजन कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचे, हॉस्पिटल में दोनों का शव देखकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। दोनों ही अपने-अपने परिवार के लिए मुख्य कमाने वाले थे। प्रमोद मध्यप्रदेश भिंड का रहने वाला था जो जयपुर में किराए से रहता था। जबकि मोहित परिवार का सबसे बड़ा बेटा था जिस पर परिवार के भरणपोषण की जिम्मेदारी भी थी।






