फलोदी जिले की लोहावट पुलिस ने हनीट्रैप मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिकंदर पुत्र बलीखां चैनपुरा लोहावट का रहने वाला है।
मामला 6 जुलाई 2025 का है। लोहावट निवासी सुनील कुमार सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पीलवा की रहने वाली सोनिया खीचड़ ने अपने सोने के गहने देकर उनसे 2 लाख 30 हजार रुपये उधार लिए थे।
5 जुलाई को सोनिया ने सुनील को रुपये लौटाने के लिए बुलाया। उसने स्कूटी खराब होने का बहाना बनाया। जब सुनील बताई गई जगह पर पहुंचे। तो एक कैंपर में आए तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्हें गाड़ी में डालकर ले गए और धमकाया। आरोपियों ने दो लाख रुपये की मांग की और पीड़ित का वीडियो भी बना लिया।
एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि आरोपी सिकंदर वारदात के बाद से फरार था। वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। लोहावट पुलिस की टीम ने एरिया डोमिनेशन के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान में उसे गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है।






