भीलवाड़ा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के बेटे के यहां गुरुवार को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की रेड हुई है। छापेमारी करीब 10 करोड़ की टैक्स चोरी के आरोप में की गई है।
टीमें सुबह करीब 9 बजे बीजेपी नेता और पूर्व यूआईटी चेयरमैन लक्ष्मी नारायण डाड के घर पहुंची। हालांकि, टैक्स चोरी का आरोपी निखिल पिता के घर में नहीं रहता है। वहां से मिली जानकारी के बाद टीमें उसके अलग-अलग 6 ठिकानों पर पहुंची।

नेता के बेटे के बिजनेस पार्टनर के भी सर्च
दरअसल, निखिल का टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज में केमिकल और कोयला सप्लाई का बिजनेस है। इसके साथ वह प्रॉपर्टी और फाइनेंस के काम से भी जुड़ा हुआ है।
टीम को करीब 10 करोड़ की जीएसटी चोरी की जानकारी मिली थी। बताया जा रहा है कि निखिल के दोस्त और बिजनेस पार्टनर अनुज सोमानी के यहां भी टीमें सर्च कर रही हैं।
निखिल के कुमुद विहार स्थित फ्लैट और ऑफिस, रिको और चित्तौड़गढ़ स्थित प्रोसेस यूनिट में टीम डॉक्यूमेंट खंगाल रही हैं।

सुबह पिता के यहां पहुंची टीम, फिर भाई को लेकर साथ गई
बताया जा रहा है कि टीम सुबह सबसे पहले शास्त्री नगर न्यू हाउसिंग बोर्ड स्थित निखिल के पैतृक घर पहुंची। टीम को पता चला कि वह कुमुद विहार के फ्लैट नंबर 803 में रहता है।
इसके बाद टीम निखिल के छोटे भाई बाबा को साथ लेकर उसके कुमुद विहार स्थित फ्लैट पर पहुंची। बताया जा रहा है कि निखिल इसी फ्लैट में रहता है और यहीं से ऑफिस चलाता है।
टीम यहां डिजिटल डेटा ओर की डॉक्यूमेंट की जांच कर रही है। इसके साथ ही स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।






