एरिया डोमिनेशन एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना उद्योग नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तुहिया चौराहा फायरिंग प्रकरण के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश सचिन उर्फ रावण पुत्र जसमत जाट (23) निवासी लखन का बास पैंघोर थाना कुम्हेर, जिला डीग तथा उसका साथी विशाल उर्फ नेपाली पुत्र मुनेश जाट (19) निवासी कूम्हा का बास पैंघोर थाना कुम्हेर शामिल हैं।
गौरतलब है कि 20 जुलाई 2025 को गांव तुहिया निवासी जनार्दन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके ऊपर मनीष, सुशील, भोला उर्फ लीलो और सचिन उर्फ रावण ने कट्टों से फायर कर जान से मारने का प्रयास किया। मामले में थाना उद्योगनगर पर मुकदमा आम्र्स एक्ट में दर्ज हुआ। इस प्रकरण में पहले ही आरोपी सुशील, मनीष और भोला को गिरफ्तार किया जा चुका है।
डीएसटी टीम डीग और थाना उद्योगनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 26 अगस्त की रात सूचना पर मांडेरा रुंध इलाके में घेराबंदी की। भागने के प्रयास में सचिन और विशाल घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार दोनों बदमाशों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस प्रकार अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।






