Traffic Tail

लक्ष्य, जवाबदेही और एक्शन – जिला कलेक्टर ने दिए शहरी सेवा शिविरों के सूत्र

जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित विशेष बैठक में उन्होंने “शहरी सेवा शिविरों” की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अकाउंटेबिलिटी, लक्ष्य निर्धारण और कार्रवाई प्रस्तावित करने के स्पष्ट मंत्र सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता न रहकर शहरों की असली समस्याओं के समाधान और शहरी जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम साबित होना चाहिए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी भूमिका स्पष्ट करे, जिम्मेदारी तय करे और समयबद्ध लक्ष्य के साथ कार्य करे। उन्होंने जोर दिया कि हर अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जवाबदेही सुनिश्चित करे और अभियान के दौरान जनता को “सरकार आपके द्वार” का वास्तविक अनुभव हो। उन्होंने शहरों में “लोगों का विश्वास और भागीदारी” बढ़ाने पर प्राथमिकता दी। इस दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया है कि वे जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय और उत्तरदायी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विभाग केवल शिकायत आने का इंतजार न करें, बल्कि स्वप्रेरणा से समस्याओं की पहचान कर आमजन को राहत प्रदान करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जवाबदेही और ठोस कार्ययोजना के साथ यह अभियान जिले में सकारात्मक बदलाव की नई दिशा देगा।

डीग जिले में शहरी सेवा शिविर 15 सितंबर 2025 से 2 अक्टूबर 2025 तक संचालित किया जाएगा। शहरी शिविरों में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, महिला बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग एवं आयोजना विभाग भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पात्र व्यक्तियों को वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन से संबंधित प्रकरणों के आवेदन पर पत्र प्राप्त करना तथा इसके साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार व क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाएगा। जन-स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पेयजल पाईप लाईनों के लीकेज, नाली व नाले के अन्दर की पाईप लाईन को शिफ्ट करना, खराब पड़े सार्वजनिक नल व हैण्ड पम्प को ठीक करवाने से संबंधित एवं अन्य कार्य सम्पादित किये जायेगें। ऊर्जा विभाग अभियान के दौरान मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के आवेदन पत्र प्राप्त करना, लटके हुये तारों को व्यवस्थित करना, आवासीय भवनों के ऊपर से जाने वाली सभी प्रकार की विद्युत लाईनों को शिफ्ट करना तथा आवासीय भवनों के बकाया विद्युत कनेक्शन यदि पेंडिंग है, तो उन्हें जारी करेंगे। सार्वजनिक निर्माण विभाग नगर पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग के क्षेत्राधिकार वाली क्षतिग्रस्त व टूटी सड़कों तथा पुलियाओं की मरम्मत का कार्य करवाएंगे। राजस्व विभाग नगरीय क्षेत्रों की समस्त सिवायचक (चरागाह सहित) भूमियां संबंधित नगरीय निकायों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में गैर मुमकिन आबादी करते हुए दर्ज करेंगे। इसके साथ-साथ 90बी/90ए से संबंधित प्रकरणों की भूमियों का नामान्तकरण संबंधित निकाय के नाम दर्ज कर किस्म आबादी दर्ज करने का कार्य भी करेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग अपने योजनाओं की प्रचार सामग्री का वितरण, कुपोषण से मुक्ति संबंधी कार्य, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करेंगे। चिकित्सा विभाग अभियान के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा चिन्हित विशेष योग्यजनों को मौके पर ही विकलांगता प्रमाण पत्र जारी करना, आरोग्य स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक नागरिकों का पंजीकरण करना सुनिश्चित करेंगे। आयोजना विभाग द्वारा जन आधार नामांकन से छूटे हुए परिवारों का नवीन जन आधार नामांकन, किसी परिवार में छूटे हुए सदस्यों का नामांकन, जन आधार में विभिन्न प्रकार की सूचनाओं में अद्यतन, परिवार के समस्त सदस्यों के बैंक खाते की सूचना में अद्यतन, समस्त सदस्यों की आधार ईकेवाईसी एवं अन्य सूचनाओं का अपडेशन करेंगे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179