Traffic Tail

RGHS में गड़बड़ी रोकने की नई कवायद:अब लाभार्थी के रजिस्टर्ड मोबाइल पर मिलेगा हर माह का स्टेटमेंट

राजस्थान गर्वमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) योजना हो रही गड़बड़ी को दूर करने के लिए अब सरकार ने नई तकनीकी पहल शुरू की है। इसमें अब आरजीएचएस से जुड़े हर लाभार्थी को मोबाइल पर उसका मासिक स्टेटमेंट भेजा जाएगा, ताकि उसे पता रहे कि इस माह उसके आरजीएचएस कार्ड से क्या-क्या ट्रीटमेंट हुआ और क्या-क्या दवाईयां कितने रुपए में ली गई। इसका मुख्य उदेश्य उक्त लाभार्थी को ये ध्यान रहे कि उसके कार्ड का कहीं दूसरी जगह गलत उपयोग तो नहीं किया जा रहा।

मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया- कई बार ऐसी शिकायतें सामने आती है कि किसी फार्मेसी, हॉस्पिटल या अन्य एजेंसी ने गलत बिल पेश करके योजना के तहत भुगतान उठा लिया। जबकि लाभार्थी ने ऐसा कोई उपचार या दवा ली ही नहीं होती है और ना ही उसे इसके बारे में कोई जानकारी है।

इस अनियमितता पर अंकुश लगाने के लिए लाभार्थी को उसके द्वारा उपयोग की गई सेवाओं की पूरी जानकारी उसके मोबाइल पर उपलब्ध करवाने की पहल शुरू की है। ऐसे में कार्ड का दुरूपयोग होने पर लाभार्थी तत्काल हेल्पलाइन नंबर या आरजीएचएस ऑफिस में इसकी सूचना दे सकेगा और अनियमितता करने वाले हॉस्पिटल या फार्मेसी स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।

हर महीने भेजा जाएगा स्टेट्स

राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ हरजीलाल अटल ने बताया- आरजीएचएस कार्ड के उपयोग से संबंधित पारदर्शी एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उ‌द्देश्य से यह कदम उठाया है। इस पहल के अंतर्गत अब सभी पंजीकृत लाभार्थियों को प्रत्येक माह उनके कार्ड पर किए गए कुल स्वास्थ्य व्यय की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।

इस एसएमएस में लाभार्थी दवारा किए गए चिकित्सा व्यय का विवरण आईपीडी, डे केयर, ओपीडी, फार्मेसी एवं रिएम्बर्समेंट श्रेणियों के अनुसार स्पष्ट रूप से दर्शाया जाएगा।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179