Traffic Tail

पंजाब से राजस्थान में शराब तस्करी करने वाला गिरफ्तार:अमृतसर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया, 10 हजार रुपए का इनामी

बाड़मेर जिले की आरजीटी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब से ट्रकों में भरकर अवैध अंग्रेजी शराब राजस्थान में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ बाड़मेर सहित कई जिलों में मामले दर्ज हैं।

लंबे समय से फरार था इनामी आरोपी

आरजीटी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्कर गुरुवीर सिंह को गिरफ्तार किया है, जो बाड़मेर ग्रामीण और आरजीटी थाने में दर्ज प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक की ओर से आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पहले भी पकड़ी जा चुकी है भारी खेप

एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर वांटेड अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान दो मामलों में आरोपी गुरुवीर सिंह की भूमिका सामने आई थी। 9 फरवरी 2024 को रागेश्वरी थाना पुलिस ने 1045 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की थी। वहीं 29 जनवरी 2024 को बाड़मेर ग्रामीण थाना पुलिस ने 556 कार्टन अंग्रेजी शराब पकड़ी थी।

ट्रकों में भरकर कराता था पंजाब से सप्लाई

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रकों के माध्यम से पंजाब से राजस्थान तक अवैध शराब की सप्लाई करवा रहा था। आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए थे।

कई बार दबिश, हर बार बचता रहा

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए इनाम घोषित किया गया।

पंजाब पुलिस ने पहले किया गिरफ्तार

इस बीच पंजाब के अमृतसर जिले की पुलिस ने आरोपी गुरुवीर सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह उर्फ जोगा सिंह, निवासी बस्ती मोहम्मद अली शाह, थाना ममदोट, जिला फिरोजपुर को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसे केंद्रीय कारागृह अमृतसर भेजा गया।

प्रोडक्शन वारंट पर बाड़मेर लाकर गिरफ्तारी

आरजीटी थाना पुलिस ने आरोपी को केंद्रीय जेल अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर बाड़मेर लाया। फिलहाल आरोपी से अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों और खरीदारों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

कई जिलों में दर्ज हैं केस

आरोपी के खिलाफ अमृतसर (पंजाब) में एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 मामला, बाड़मेर ग्रामीण थाना, आरजीटी थाना बाड़मेर, दौलतपुरा थाना (जयपुर) मेंअवैध शराब तस्करी के कुल 3 मामले दर्ज हैं।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179