Traffic Tail

आगामी होली पर्व के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न:शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ त्योहार मनाने पर जोर

आगामी होली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पंचायत समिति सभागार डीग में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।इस बैठक में जिला कलक्टर उत्सव कौशल,जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना एवं शांति समिति के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के शुभारंभ में शांति समिति के सभी सदस्यों से परिचय प्राप्त किया गया और उपस्थित जनों को होली के पावन महोत्सव की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।जिला कलक्टर ने संबोधित करते हुए कहा कि डीग जिले की यह गौरवशाली परंपरा रही है कि यहाँ सभी पर्व और त्योहार अत्यंत हर्षोल्लास और आपसी प्रेम के साथ मनाए जाते हैं। विगत वर्षों में जिले के सभी त्योहार अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं,जो यहाँ की जनता की परिपक्वता,सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच का परिचायक है। त्योहार के उल्लास को बनाए रखने और कानून व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर बल देते हुए सतर्कता और संवाद का महत्व साझा किया गया।जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि क्षेत्र में कोई भी ऐसा विषय या भ्रांति संज्ञान में आती है, तो उसकी सूचना प्रशासन को अविलंब दी जाए।त्वरित सूचना प्राप्त होने पर समय रहते संबंधित पक्षों से समझाइश करने और सकारात्मक हस्तक्षेप करने में सुविधा होती है।इससे किसी भी प्रकार की शंका या विवाद को प्रारंभिक स्तर पर ही सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया जाता है और त्योहार का आनंद अक्षुण्ण रहता है।उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे किसी भी विषय पर प्रशासन से सीधे संपर्क स्थापित कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना ने पुलिस प्रशासन की तैयारियों से अवगत कराते हुए कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहयोग के लिए पूर्ण रूप से मुस्तैद है।उन्होंने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने, भाईचारा बढ़ाने और त्योहार की गरिमा को बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।बैठक के अंत में शांति समिति के सभी सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे होली का पर्व उल्लास,आपसी प्रेम और पूर्ण शांति के साथ मनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं तथा इस पुनीत कार्य में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179