Traffic Tail

जयपुर में टैंकर के नीचे दबने से ड्राइवर की मौत:पंचर टायर को बदल रहा था, बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी थी टक्कर, हेल्पर भी घायल

जयपुर में चाकसू बाईपास पर शुक्रवार सुबह बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़े टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी। टैंकर के नीचे दबने से ड्राइवर की मौत हो गई। दुर्घटना के समय टैंकर ड्राइवर पंचर टायर को बदल रहा था। हादसे में टैंकर के हेल्पर का भी पैर टूट गया।

सूचना पर मौके पर पहुंची चाकसू थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर के नीचे दबे ड्राइवर के शव को निकाला। एक्सीडेंट थाना (साउथ-2) पुलिस ने चाकसू सीएससी में मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

चाकसू बाईपास पर टैंकर का टायर हो गया था पंचर

एक्सीडेंट थाना (साउथ-2) के ASI राम रतन ने बताया कि हादसे में टैंकर ड्राइवर कैलाश (49) निवासी लाखेरी बूंदी की मौत हो गई। टैंकर हेल्पर भगवान (37) निवासी बरेड़ा झालावाड़ का पैर फ्रैक्चर हो गया।

घटनाक्रम के मुताबिक, टैंकर में कास्टिक सोडा भरकर कैलाश और भगवान कोटा से जयपुर आ रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे चाकसू बाईपास पर हुकान के पास टैंकर का टायर पंचर हो गया। जिसके बाद ड्राइवर बाईपास पर सड़क किनारे टैंकर को खड़ा कर पंचर टायर बदलने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे बजरी से भरे ट्रेलर ने टैंकर को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद टैंकर के नीचे दबा ड्राइवर, हुई मौत

एएसआई ने बताया कि टक्कर लगने से टैंकर के नीचे ड्राइवर कैलाश दब गया, जबकि हेल्पर भगवान का पैर टूट गया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर बजरी से भरे ट्रेलर को छोड़कर भाग निकला। हादसे की सूचना पर चाकसू और एक्सीडेंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से करीब 1 घंटे की मशक्कत कर टैंकर के नीचे फंसे कैलाश को बाहर निकाला।

वहीं पुलिस ने गंभीर हालत में कैलाश और हेल्पर भगवान को सीएचसी चाकसू पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने कैलाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेल्पर भगवान को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बजरी से भरे ट्रेलर को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179