कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा- हम कब तक राजनीति करेंगे। मैं एक-दो साल में रिटायर हो जाऊंगा। हम युवा पीढ़ी को आगे बढ़ा रहे हैं। वे मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में एसीबी की ओर से 20 अधिकारियों के खिलाफ जांच की अनुमति मांगने के मामले में कहा कि मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि सरकार को सभी अधिकारियों के खिलाफ जांच की अनुमति देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता सरकार क्या करेगी। एसीबी ने 20 अधिकारियों के खिलाफ जांच के लिए 17 ए की अनुमति मांगी है, उसमें कुछ रह गए है। ‘ए’ फंस जाए और ‘बी’ बच जाए, ऐसा नहीं होना चाहिए। मेरा मानना है कि सरकार को सभी की अनुमति देनी चाहिए। सोमवार को सीएम भजनलाल शर्मा ने जेजेएम घोटाले में जलदाय विभाग के तत्कालीन एसीएस सुबोध अग्रवाल सहित 6 अफसरों के खिलाफ एसीबी को जांच की अनुमति दी थी।
दौसा में दिए बयान पर दी सफाई मंत्री किरोड़ी ने दौसा में दिए अपने बयान पर सफाई दी। कहा- देखो मैंने ऐसा इसलिए कहा था कि हम युवा पीढ़ी को आगे बढ़ा रहे हैं। आप मेरे बयान को पूरा पढ़ो। आप मेरी ऐसी बात निकालकर रख देते हो, ऊपर पहुंचा दोगे तो रही-सही भी चली जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेरा उसमें कहने का नजरिया यह था कि हमारी पार्टी युवा पीढ़ी को आगे बढ़ा रही है। प्रेमचंद बैरवा युवा है, 2 बार जीते हैं, मैं 6 बार जीता हूं, लेकिन उनको उप मुख्यमंत्री बनाया।
किरोड़ी ने क्या दिया था बयान दौसा में जाटव समाज के कार्यक्रम में विकास की मांगों पर हूटिंग हुई तो किरोड़ी ने कहा था- अभी तो मैं उपमुख्यमंत्री भी नहीं, कुछ करने लायक तो बनूं। प्रेमचंद बैरवा दूसरी बार विधायक बने और डिप्टी सीएम बन गए, मैं छठी बार विधायक हूं। मुझे गालियां मिलती हैं, लेकिन हाथी के पीछे कुत्ते भौंकते हैं, हाथी नहीं रुकता। महवा में संबोधन के दौरान भीड़ ने विकास कार्यों की मांग उठाई।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ की जनसुनवाई भी मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने मंगलवार को बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई के साथ-साथ जनसुनवाई भी की। किरोड़ी ने पहले तय कार्यक्रम के अनुसार मीटिंग हॉल में कार्यकर्ताओं की सुनवाई की। उसके बाद वे गार्डन में कुर्सी लगाकर बैठ गए।
वहां उन्होंने बीजेपी कार्यालय पहुंचे आमजन की समस्याएं भी सुनी। किरोड़ी ने कहा कि मैंने जनसुनवाई करने के लिए प्रदेश महामंत्री से अनुमति ली है।







