Traffic Tail

मंडोर में वसूली करने वाली गैंग का आतंक:ट्रक ड्राइवर से मांगा ‘हफ्ता’, मौके पर पहुंचे ट्रक मालिक पर चाकुओं से किया हमला, आंख फोड़ी

जोधपुर में बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हफ्ता नहीं देने पर आरोपियों ने कारोबारी पर चाकू और लोहे के सरियों से हमला किया। इससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई।

मामला मंडोर थाना क्षेत्र के बालसमंद रॉयल्टी नाके के पास 20 नवंबर का है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर छह नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

5 हजार रुपए का मांगा हफ्ता पुलिस ने बताया कि मंडोर थाने में गेवा बाइपास रोड सूरसागर निवासी ललित सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि 20 नवंबर को उसका डंपर बालसमंद रॉयल्टी नाके के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आई सफेद बोलेरो में सवार ओम व अमन ने खुद को मंडोर थाने के हिस्ट्रीशीटर बताते हुए कहा कि यहां धंधा करना है तो 5000 रुपए हफ्ता देना पड़ेगा। ड्राइवर बाबू खां ने फोन कर जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंचा।

वहां मौजूद बदमाशों ने उसे चाकू दिखाते हुए धमकाया। ललित के हफ्ता देने से इनकार करने पर आरोपियों ने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दो-तीन गाड़ियों में 8-10 लोग आ पहुंचे। सभी ने मिलकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

चाकू, लोहे के सरियों और लाठियों से किया हमला आरोप है कि आरोपी ओम ने चाकू से ललित की आंख पर वार किया। इससे उसकी दाईं आंख फूट गई। वहीं अन्य आरोपियों ने लोहे के सरियों, लाठी से हाथ-पांव और कंधे पर हमला किया। एक आरोपी ने कंधे पर दांतों से काट लिया। गंभीर रूप से घायल ललित को एमडीएम अस्पताल लाया गया, जहां से परिजन इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए।

पुलिस ने ओम पिता जयदीप कच्छवाहा, अमन पिता सुनील, निशी पिता प्रवीण, करण पिता पप्सा, हिमांशु, ध्रुव पिता पप्सा सहित अन्य 5-7 बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179