केन्द्रीय योजना धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के 2 लाख 30 हजार से अधिक घरों में विद्युत कनेक्शन किए जाने का लक्ष्य है। राजस्थान डिस्कॉम्स की चेयरमैन आरती डोगरा ने बुधवार को जयपुर, जोधपुर एवं अजमेर विद्युत वितरण निगमों के अभियंताओं के साथ इस विषय पर समीक्षा की। जोधपुर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल तथा अजमेर वितरण निगम के प्रबंध निदेशक केपी वर्मा भी इस दौरान मौजूद रहे।

आरती डोगरा ने अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे कनेक्शन से वंचित परिवारों का सर्किलवार सर्वे कराएं, जिससे कि अभियान के अन्तर्गत कनेक्शन दिए जा सकें। उन्होंने कहा कि तीनों डिस्कॉम्स में अधिक से अधिक कनेक्शन दिए जाने की योजना तैयार की जाए। सभी स्वीकृतियां समय से जारी हों और अधीक्षण अभियंताओं के स्तर पर अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही, कोई भी पात्र परिवार कनेक्शन से वंचित न रहे।

बैठक में बताया गया कि अभियान के अन्तर्गत जयपुर डिस्कॉम में 1305 गांवों एवं 1405 बस्तियों में 43,583, जोधपुर डिस्कॉम में 4834 गांवों एवं 18,468 बस्तियों में 1,62,805 तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम में 973 गांवों तथा 986 बस्तियों में 24,392 घरेलू कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जयपुर डिस्कॉम द्वारा संबंधित कार्यों के लिए 73.97 करोड़ की राशि के कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं।







