Traffic Tail

गोविंदगढ़ के चौमूं में शिक्षक ने की आत्महत्या:स्कूल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, सुसाइड के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

जयपुर जिले के चौमूं उपखंड क्षेत्र के गोविंदगढ़ में गुरुवार देर शाम एक निजी स्कूल के शिक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना आलीसर गांव स्थित एसकेआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई।

स्कूल के कमरे में लगाई फांसी

मृतक की पहचान विकास यादव के रूप में हुई है, जिन्होंने स्कूल के एक कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

नहीं मिला सुसाइड नोट

थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया- शाम को स्कूल में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विकास यादव का शव कमरे में फंदे से लटका पाया। पुलिस ने शव को तुरंत नीचे उतारा और चौमूं के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जिसके बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

आत्महत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि मृतक विकास यादव दोपहर में बच्चों को घर छोड़ने के बाद वापस स्कूल आए थे। इसके कुछ समय बाद ही आत्महत्या करने की सूचना मिली। थानाधिकारी सांखला ने बताया कि पुलिस परिवारजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179