जयपुर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। 7वीं मंजिल पर बल्लियां बांधते समय पैर फिसलने से नीचे गिरा था। रामनगरिया थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। मृतक के जीजा की शिकायत पर लापरवाही के चलते मौत का मामला दर्ज किया गया है।
ASI छुट्टन लाल ने बताया- हादसे में पश्चिम बंगाल के कोच निवासी तपस राय (37) की मौत हो गई। वह बजाज नगर के बरकत नगर में किराए से रहता था। पिछले कुछ दिनों से वह अक्षय पात्र मंदिर के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग में बल्लियां बांधने का काम कर रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह निर्माणाधीन बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर बल्लियां बांध रहा था।
पैर फिसलने के कारण वह निर्माणाधीन बिल्डिंग से नीचे जमीन पर आकर गिरा। साथी मजदूरों ने लहूलुहान हालत में तपस को जयपुरिया हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामनगरिया थाने में मृतक तपस के जीजा नारायण भोमिक ने ठेकेदार की लापरवाही के चलते मौत का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।






