जयपुर में आर्मी से रिटायर्ड जवान ने बंदूक से पेट में गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घर में लहूलुहान हालत में उनका शव जमीन पर पड़ा मिला। मामला सोडाला थाना इलाके का शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे का है।
SHO (सोडाला) राजेश कुमार शर्मा ने बताया- हटवाड़ा के लक्ष्मीनगर निवासी भुवनेश जाट (40) ने सुसाइड किया है। वह मूलत: हिंडौन के बड़खेड़ा के रहने वाले थे।
वह इंडियन आर्मी से रिटायर हुए थे। पत्नी और बेटे के साथ लक्ष्मीनगर में किराए के मकान में रहते थे। वह सी-स्कीम स्थित गोल्ड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की जॉब करते थे।

कमरे से आई गोली चलने की आवाज घटनाक्रम के अनुसार, भुवनेश जाट की पत्नी शुक्रवार सुबह किसी काम से बाहर गई थीं। बेटा कंप्यूटर क्लास में गया था। इस दौरान भुवनेश जाट घर पर अकेले थे। उन्होंने कमरा अंदर से बंद कर लिया। खुद की लाइसेंसी बंदूक से पेट में गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
बंद कमरे से अचानक धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पड़ोसियों ने कमरे के अंदर जाकर देखने की कोशिश की। लेकिन कमरे के आगे-पीछे के दोनों गेट बंद मिले।
कुछ ही देर में उनकी पत्नी और बेटा भी घर आ गए। अनहोनी की आशंका के चलते तुरंत सोडाला थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने धक्का देकर गेट खोला।
लहूलुहान हालत में पड़ी मिली लाश कमरे के अंदर जाने पर लहूलुहान हालत में भुवनेश का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। उनके पेट में गोली लगी हुई थी। उनकी लाइसेंसी बंदूक पास ही बेड पर पड़ी थी। पुलिस ने तुरंत FSL टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए।
पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि भुवनेश ने बेड पर एक पैर रखकर अपनी लाइसेंसी बंदूक को पेट पर लगाया। बंदूक का ट्रिगर दबाते ही गोली पेट में लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

पुलिस ने सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया है। पुलिस का कहना है कि किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिजनों ने भी सुसाइड के पीछे कारण को लेकर जानकारी नहीं होना बताया है। वह 20-25 दिन पहले ही किराए पर यहां रहने आए थे। सुसाइड के कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।






