Traffic Tail

सरदारशहर में महिला की हत्या का खुलासा: देवर ने की थी भाभी की हत्या

चुरू जिले के थाना सरदारशहर पुलिस ने एक महिला की हत्या का मामला सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में महिला के देवर ने ही उसकी हत्या की थी और मामले को लूट का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चूरू के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि 07 सितम्बर को अल-सुबह थाना सरदारशहर पर सूचना मिली कि गौशाला बास में एक महिला की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर मृतका के घर-परिवार से पूछताछ की गई। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार घर में कुल 5 सदस्य थे। सुबह मृतका के सास-ससुर मंदिर गए हुए थे जबकि मृतका के दोनों देवर घर पर उपस्थित थे। मृतका के देवरों ने मौके पर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में लूट की कोशिश की और वही महिला की हत्या कर गया।
वहीं मृतका के चाचा रामनिवास निवासी बीकानेर ने बताया कि उसकी भतीजी पूनम की शादी 26 अप्रेल 2021 को कपिल पाण्डिया निवासी गौशाला बास के साथ हुई थी। शादी के बाद पूनम को उसके पति कपिल व देवर हितेश द्वारा दहेज/उत्पीड़न तथा प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। घटना के दिन सुबह 04:43 बजे फोन आया कि पूनम छत से गिर गई है, लगभग 20 मिनट बाद सूचना मिली कि पूनम की किसी ने चाकू से गला काटकर हत्या कर दी है।
इस गंभीर अपराध को सुलझाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल और वृताधिकारी सत्यनारायण गोदारा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सूत्रों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर मृतका के देवर हितेश पारीक (21) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि हितेश ने मृतका पूनम के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। जब पूनम ने इसका विरोध किया, तो उसने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में सीओ सत्यनारायण गोदारा, थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई और हेड कांस्टेबल योगेश कुमार शर्मा, संजय बसेरा, मंगल सिंह और कांस्टेबल नंदलाल शामिल थे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179