Traffic Tail

बयाना के पूर्व विधायक के घर हमला:दो भाई और चाचा को पीटा, घर में तोड़फोड़ भी की, लड़का लड़की भागने के बाद हुआ विवाद

भाजपा पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल के घर 50 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि लाठियां-डंडे लेकर घुसे लोगों ने उनके चचेरे भाई, चाचा और छोटे भाई से मारपीट कर डाली। पूर्व विधायक के भाई कमल सिंह ने बताया कि गांव में एक प्रेम-प्रसंग में युवक-युवती भाग गए थे। ग्रामीणों को लगा कि युवक हमारे समाज का है तो हमने उसकी मदद की है। ऐसे में, गुरुवार दोपहर आरोपियों ने पूर्व विधायक के घर पर हमला कर दिया।

मामला भरतपुर के बयाना के रुदावल थाना इलाके का है।

घटना की सूचना मिलते ही रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। आरोपी पक्ष फरार है। जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कमल सिंह के बयान के आधार पर FIR दर्ज की है।

घर में घुस कर की मारपीट

बयाना एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने बताया- पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह घर पर बैठकर खाना खा रहे थे। इस दौरान करीब 50-60 लोग इनके घर आए। इसमें से 7 लोगों के पास लाठी-डंडे थे। इसके बाद लाठी डंडों से कमल सिंह, सुनील और चंपालाल के साथ मारपीट की। कमल सिंह को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कमल सिंह के पर्चा बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सुबह घर के बाहर इकट्ठा हुई थी भीड़

बयाना के पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह निवासी बसई ने बताया- आज सुबह 10 बजे गांव के एक समाज के करीब 50 युवक इकट्ठे होकर हमारे घर पर आए। वह घर के बाहर गालियां दे रहे थे। युवकों के हाथ में लाठी डंडे, सरिया, पत्थर थे। मैंने अपनी मां से कहा कि किसी का झगड़ा हो रहा है।

जैसे ही मेरी मां बाहर देखने गई तो, सभी लोग मेरे घर में घुस गए। उस समय मैं खाना खा रहा था। घर में घुसते ही उन्होंने मेरे ऊपर लाठी, सरिया और डंडों से हमला कर दिया।

प्रेम-प्रसंग के मामले में हुआ हमला

कमल सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के एक लड़का और लड़की भाग गए थे। दोनों अलग-अलग जाति के थे। मेरे भाई पूर्व विधायक रहे हैं। इसलिए एक समाज के लोग सोच रहे थे कि लड़का पूर्व विधायक के समाज का है इसलिए वह लड़के का साथ दे रहे हैं। जिसको लेकर आज हमारे घर पर हमला हुआ है। घटना में मेरे परिवार में 3 लोगों के चोट आई है। एक मेरे चाचा का लड़का है सुनील और मेरे चाचा चंपा लाल के चोटें आई हैं।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179