साइबर ठग ने खुद को पुलिस ऑफिसर बताकर महिला से ठगी की। महिला को फोन कर कहा कि उनका बेटा परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया है। ठग ने डराकर 2 लाख 29 हजार रुपए अपने अकाउंट में डलवा लिए। मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है।
महिला शोभा कंवर के पति दशरथ सिंह ने साइबर ठगी का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि 24 अगस्त को पत्नी शोभा अपनी बहन के घर गई थी। बेटा अंकित भी उसके साथ था। इस दौरान पत्नी के पास फोन आया। ठग ने खुद को पुलिस ऑफिसर बताते हुए कहा कि उनका बेटा महिपाल परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया है। यदि उसका करियर बचाना चाहती हो तो बताए गए खातों में रुपए जमा करवाने होंगे।
बेटा कोई एग्जाम देने ही नहीं गया ठग की बातों में आकर पत्नी ने अपनी बहन के बेटे और अंकित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 लाख 29 हजार रुपए ट्रांसफर करा दिए। पत्नी ने जब बेटे से संपर्क किया। तब पता चला कि वह तो घर पर ही मौजूद था। बेटे ने बताया कि वह कोई परीक्षा देने नहीं गया है। परीक्षा और नकल का मामला पूरी तरह झूठा था। तब शोभा कंवर को ठगी का एहसास हुआ।
बैंक खातों के आधार पर पुलिस कर रही तलाश शोभा कंवर ने पूरी घटना अपने पति को बताई। पति की रिपोर्ट पर प्रताप नगर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब ठग के मोबाइल नंबर और बैंक खातों के आधार पर सुराग तलाशने में जुटी है।






