अजमेर में डॉक्टर की कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपए नगदी और जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। डॉक्टर अपनी पत्नी और बेटी के साथ मंदिर में सहस्त्रधारा के प्रोग्राम में गए थे। क्रिश्चियन गंज थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।
रामगंज निवासी पीड़ित डॉक्टर अभिषेक सक्सेना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ मनकामेश्वर मंदिर में सहस्त्रधारा के लिए गए थे। कार को उन्होंने मंदिर के पास ही खड़ा किया था। गाड़ी के अंदर दो बैग रखे हुए थे।
प्रोग्राम से वापस आकर देखा तो कार का शीशा टूटा हुआ था। बैगों में कागजों के साथ ही करीब डेढ़ लाख से ज्यादा नगदी, एक मोबाइल, एक सोने का कंगन और सोने का पैंडल था। दोनों बैग चोर ले गए। थाना प्रभारी अरविंद चारण के निर्देश पर टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीम की ओर से मंदिर के आस-पास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।






