नसीराबाद की एक नाबालिग से जयपुर के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर खाटूश्याम घूमने के लिए बुलाया। नाबालिग के जयपुर पंहुचने पर आरोपी युवक होटल के कमरे में ले गया। डरा धमका कर रेप किया। बाद में उसे झोटवाड़ा थाने पर छोड़कर नाबालिग के परिजनों को सूचना दे दी।
परिजन जयपुर पहुंचे और उसे नसीराबाद लेकर आए। नसीराबाद सिटी थाने में शिकायत दी। नसीराबाद सिटी थाना प्रभारी हुकम गिरी ने मामला जयपुर का होने के कारण जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज कर एफआईआर जयपुर सदर थाने को भेज दी।
पीड़िता नाबालिग ने बताया- करीब 6 माह पहले सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर जयपुर में रहने वाले पवन पहाड़िया नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। 24 अगस्त की दोपहर आरोपी युवक पवन ने खाटूश्याम घूमने जाने की बात कहते हुए जयपुर बुलाया। इस पर वह नसीराबाद रेलवे स्टेशन से शाम 7 बजे जयपुर के लिए रवाना हो गई। रात करीब 10 बजे जयपुर रेलवे स्टेशन पर पंहुची। आरोपी युवक स्टेशन के बाहर बाइक लेकर खड़ा था।

नाबालिग ने बताया- आरोपी युवक ने उसे खाटूश्याम जाने को कहा तो उसने रात होने की बात कहते हुए मना कर दिया। आरोपी युवक ने उसे डरा धमकाकर बाइक पर बैठाया और खाटूश्याम ले गया। पीड़िता का आरोप है कि 25 अगस्त को सुबह लगभग 10-11 बजे वापिस जयपुर पंहुचे। उसने अपने घर नसीराबाद जाने की बात कही। इस पर आरोपी युवक ने कहा- दोनों थक गए हैं, थोड़ा आराम कर लेते हैं।
इसके बाद आरोपी उसे एक होटल पर ले गया। होटल के कमरे में ले जाकर डरा धमकाकर उसके साथ जबरन रेप किया। इसके बाद आरोपी उसे झोटवाड़ा थाने पर छोड़ गया। उसके घर वालों को सूचना दी। इस पर उसके घरवाले जयपुर पंहुचे। मंगलवार को उसे लेकर नसीराबाद पंहुचे। जिन्हें उसने अपने साथ हुई आप बीती बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।






