जयपुर के मुरलीपुरा थाना पुलिस ने अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर पैसा लेने वाली गैंग की महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी पहले पीड़ित से निवेश के नाम पर लाखों रुपए लूट चुके हैं। आरोपियों ने व्यापारी को होटल में बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाया।
बेहोशी की हालत में पीड़ित के वीडियो और फोटो लिए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल पर फोटो और वीडियो भेजकर रुपयों की डिमांड की। पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों को एग्रीमेंट करने के दौरान एक लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया।
लाखों रुपए का निवेश करवाकर फंसाया डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया- मामले में सुनील लालवानी उर्फ सनी (37) पुत्र प्रेमचंद लालवानी निवासी ए 12 सी, दधिचि नगर, पुलिस थाना मुरलीपुरा और नेहा कुमावत (24) पुत्र विक्रम कुमावत निवासी दौलतसिंहपुरा पुलिस थाना नीमराना जिला कोटपूतली बहरोड हाल वैशाली नगर को गिरफ्तार किया गया है।
ये है मामला मुरलीपुरा थाने में ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठने के संबंध में परिवादी किशन लाल जाट (59) पुत्र पेपाराम निवासी मानसरोवरने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि सुनील लालवानी उर्फ सनी ने प्लान बनाकर उसका लाखों रुपए निवेश कराया। उसके साथ नेहा नाम की लड़की भी जुड़ी हुई हैं।
आरोपियों से जब पैसा मांगा गया तो आरोपियों ने बहाने शुरू कर दिए। पैसा वापस नहीं लौटाना पड़े इसलिए सुनील लालवानी ने नेहा के साथ मिलकर ब्लैकमेल करने का प्लान बनाया। मुरलीपुरा इलाके में एक होटल में आरोपियों ने बुलाया और नशे की दवा पिलाकर गलत फोटो-वीडियो ले लिए। रिपोर्ट पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर टीम गठित की गई।
गठित टीम ने ब्लैकमेलिंग की घटना को देखते हुए तुरंत पीड़ित को वह सब करने को कहा, जो आरोपी करने के लिए बोल रहे हैं। जिस जगह पर पैसा देने को लेकर एग्रीमेंट होना था। उस जगह पर पुलिस टीम पहले से ही पहुंच गई। जिस समय 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर अश्लील फोटो/वीडियो डिलीट करने के संबंध में लिखत-पढ़त की जानी थी। उसी समय दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा।






