Traffic Tail

चोरी की 4 किलो चांदी का खरीदार सुनार गिरफ्तार:गंगापुर पुलिस ने भरका माता और खजूरिया मंदिर में चोरी का खुलासा किया

गंगापुर पुलिस ने मंदिरों से चांदी चोरी के मामलों का खुलासा किया है। चित्तौड़गढ़ जिले के साड़ास गांव से 68 साल के सुनार ताराचंद सोनी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर भरका माता और खजूरिया श्याम मंदिर में चुराई गई लगभग 4 किलो चांदी खरीदने का आरोप है।

पहले भी गिरफ्तार हो चुका आरोपी

थानाधिकारी लीलाधर मालवीय ने बताया कि ताराचंद सोनी पहले भी चोरी का माल खरीदने के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। भरका माता मंदिर के दरवाजे की चांदी चोरी के मामले में पकड़े गए तीन आरोपी दुर्गेश कंजर , प्रकाश कंजर और राधेश्याम कंजर ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने चोरी की गई चांदी साड़ास के ताराचंद को बेची थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली है और उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी पप्पू कंजर की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए किराए पर ईको गाड़ी का इस्तेमाल करते थे। हमीरगढ़ क्षेत्र के जवासिया निवासी कालूलाल अपनी गाड़ी किराए पर देता था। कालूलाल को गंगापुर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

यह गिरोह मुख्य रूप से मंदिरों को निशाना बनाता था। आरोपी श्रद्धालुओं का भेष बनाकर मंदिरों में रुकते थे और रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। ईको गाड़ी का उपयोग चोरी की गई चांदी और नकदी को आसानी से छिपाने के लिए किया जाता था।

आरोपियों ने कबूली कई वारदातें

आरोपियों ने कई वारदातों को कबूल किया है जिनमें 30 जून को आसींद माता मंदिर से चांदी के जेवर और नकदी, 20 जुलाई को रायला चौथ माता मंदिर से जेवर और नकदी, 13 अगस्त को करेड़ा बेमाली बालाजी मंदिर का दानपात्र तोड़ना और 18 अगस्त को बनेड़ा भैरुजी मंदिर से नकदी चोरी शामिल है। कारोई क्षेत्र में एक किराना दुकान और अस्पताल से मोटर चोरी की वारदात भी कबूली है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179