उदयपुर में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर है और कई पुलिया के ऊपर से तेज वेग से पानी बह रहा है लेकिन लोग लापरवाही करने से नहीं चूक रहे है। ऐसी ही एक घटना सोमवार की देर रात को उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में हुई जहां बंद रास्ते को खोलकर दो जने ओपन जीप को कूदाकर पार करने की कोशिश की और रास्ते में फंस गए।
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र के पास ओरडी-नांदवेल पुलिया पर पानी के तेज बहाव के बीच बीती रात को फंसी जीप ओर उसमें सवार दो जनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रात करीब साढ़े दस बजे उदयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ओरडी-नांदवेल पुलिया पर एक जीप फंस गई है और उसमें दो व्यक्ति भी है। कंट्रोल रूम ने डबोक पुलिस और सिविल डिफेंस को सूचना दी। सबसे पहले डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उदयपुर से सिविल डिफेंस की टीम भी वहां पहुंच गई।
मौके पर पहुंची टीमों ने देखा कि बेड़च नदी की पुलिया पर उदयसागर झील से आ रहा पानी तेज वेग से बह रहा है। ये पानी आगे वल्लभनगर बांध में जा रहा है।

बाद में हाइड्रोलिक क्रेन मंगवाई और टीमों ने जीप के साथ दोनों व्यक्तियों को हाइड्रोलिक क्रेन की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी पहचान कानोड़ के बीड़वा खेड़ा निवासी विक्रम सिंह पुत्र निर्भय सिंह और कान्हा सिंह पुत्र मनोहर सिंह के रूप में हुई।
डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि नांदवेल पुलिया के वहां दोनों तरफ रास्ता बंद कर कांटे, झाड़ियां और पत्थर डालकर रास्ता बंद कर रखा था लेकिन एक ओपन जीप में आए इन दोनों व्यक्तियों ने कांटे और झाड़ियां हटाई और पत्थरों के ऊपर से जीप को कूदा कर पुलिया के बीचों-बीच ले जाकर रोक दी और जीप बंद पड़ गई।
रेस्क्यू टीम में विजय नकवाल, विपुल चौधरी, कपिल सालवी, सचिन कंडारा, दिनेश गमेती,वाहन चालक प्रकाश राठौड़ मौजूद रहे।






