जोधपुर की सदर बाजार थाना पुलिस ने रात के समय दुकान के ताले तोड़कर कैश चुराने वाले आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में 26 मामले दर्ज हैं।
सदर बाजार थाना अधिकारी मानकराम बिश्नोई ने बताया- 26 अगस्त को कमल मूंदड़ा ने रिपोर्ट देकर बताया था कि उसकी मूलजी की होटल के सामने दुकान है। रात को बंद करके गए थे। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे उनके पास मूलजी की होटल से फोन आया कि आपकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। 7 बजे जाकर देखा तो दोनों तालों को कड़ी सहित तोड़ दिया गया था। दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो गल्ले से ढाई लाख रुपए सहित अन्य दस्तावेज गायब थे। यह पैसे सुबह बैंक में जमा करवाने के लिए रखे थे।
रात के समय करता है चोरी
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाल और अज्ञात चोर के फोटो राजकोप से मिलान की। इस पर आरोपी की पहचान पहले की आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले पवन मीणा पुत्र गोपाल मीणा निवासी ग्राम बंटवाड़ा जिला बारां के रूप में हुई। उसकी विभिन्न जगह तलाश की गई। फिर जयपुर से पकड़ लिया गया।
आरोपी के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में 26 मामले दर्ज हैं। जो रात के समय दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करता है। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए रुपए के बरामदगी के संबंध में प्रयास किया जा रहे हैं।






