जनूथर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। स्थानीय किसान फूलसिंह चौधरी ने बताया कि अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण ज्वार और बाजरे की खड़ी फसलें जमीन पर गिर गई हैं।
फूलसिंह के अनुसार उनके 4 बीघा खेत में बाजरे की पकी हुई फसल खड़ी थी। अब वह पूरी तरह से जमीन पर गिर चुकी है। खेतों में पानी भर जाने से फसल का दाना खराब हो गया है और फसल कड़वी हो गई है।
इस नुकसान को देखते हुए फूलसिंह चौधरी ने राजस्थान सरकार से नष्ट हुई फसलों की गिरदावरी कराने और किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। क्षेत्र के अन्य किसानों की फसलें भी इस मौसम की मार से प्रभावित हुई हैं।






