पुलिस की गिरफ्त में छह माह से फरार आरोपी ओर चोरी की मूर्ति खरीदने वाला।
जोधपुर | लूणी थाना पुलिस ने पांच मंदिरों में हुई चोरी के प्रकरण का खुलासा कर छह माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्ति, नकदी व सोना बरामद किया। चोरी का माल खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को भी दबोचा है।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, उपायुक्त पश्चिम विनीत बंसल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निशांत भारद्वाज और एसीपी आनंदसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में थानाधिकारी डॉ. हनवंतसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी लक्ष्मणराम निवासी घाणा, थाना भाद्राजून, जिला जालोर को बालोतरा से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर ठाकुरजी मंदिर से चोरी की गई मूर्ति, माता मंदिर की दान पेटी से निकाले गए चार हजार रुपए और करीब छह ग्राम सोना बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी शातिर नकबजन है और अब तक 11 वारदातों में संलिप्त रह चुका है। उसकी सूचना पर चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी गोमाराम निवासी टीकमगढ़, थाना बालेसर को भी गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध भी चार मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से पूर्व इलाके की रैकी करते थे और रात को मंदिर व सूने मकानों को निशाना बनाते थे।






