जयपुर में इंस्टाग्राम फ्रेंड के एक नाबालिग लड़की से रेप करने का मामला सामने आया है। अजमेर से मिलने के बहाने उसे जयपुर बुलाया। होटल में रुकने के दौरान डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। सदर थाने में पीड़ित नाबालिग ने आरोपी इंस्टाग्राम फ्रेंड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच एसआई सज्जन सिंह कर रहे है।
पुलिस ने बताया- अजमेर की रहने वाली 16 साल की लड़की ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। करीब 6 महीने पहले उसकी पवन नाम के लड़के से इंस्टाग्राम पर चैट हुई थी। उसके बाद बातचीत के दौरान दोनों में दोस्ती हो गई। एक-दूसरे से दोनों मोबाइल कॉल के जरिए बातचीत करने लगे। मिलने के बहाने आरोपी ने उसे जयपुर आने का दबाव बनाया। आरोप है कि 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह अजमेर से ट्रेन में बैठकर जयपुर आई।
जयपुर रेलवे स्टेशन पर आरोपी उसे बाइक लेकर खड़ा मिला। खाटूश्यामजी दर्शन करके लौटने के बाद सदर इलाके में स्थित एक होटल में रुकवाया। होटल में आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। सदर थाने में नाबालिग पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






