Traffic Tail

उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने पसोपा में राजकीय महाविद्यालय एवं खोह में नवीन उप-तहसील भवन का किया गरिमामय शिलान्यास

राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण पर बल

 

उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने पसोपा में राजकीय महाविद्यालय एवं खोह में नवीन उप-तहसील भवन का किया गरिमामय शिलान्यास

 

हिंद रफ्तार डीग/जयपुर(अनिल शर्मा)

राज्य सरकार की उच्च शिक्षा को ग्रामीण अंचलों तक सुलभ कराने तथा प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने की कटिबद्धता के क्रम में, रविवार को बृजनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पसोपा में नवीन राजकीय महाविद्यालय भवन एवं उप-तहसील भवन खोह का गरिमामय शिलान्यास समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचन्द बैरवा एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष गृह, गोपालन,पशुपालन,डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इन बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन महाविद्यालय भवन तथा 1.6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उप-तहसील भवन खोह का शिलान्यास किया गया। आयोजन स्थल पर स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का अभूतपूर्व स्वागत किया गया,जिसमें जेसीबी के माध्यम से भव्य पुष्प वर्षा कर व्यापक जन-उत्साह प्रदर्शित किया गया।

समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने राज्य सरकार की नीतियों और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दृढ़ता से रेखांकित किया।उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार ने पूर्व में व्याप्त नकल और पेपर लीक जैसी गंभीर विसंगतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए डमी कैंडिडेट बैठाने और पेपर खरीदने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कर उन्हें जेल भेजने का कार्य किया है, जिससे मेहनतकश युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प तभी साकार होगा,जब समाज के अंतिम छोर पर बैठे और मुख्यधारा से पिछड़ गए प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।बालिका शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का मूल आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों के उच्च शिक्षित होने से ही परिवार,समाज और अंततः राष्ट्र सशक्त होता है। राज्य में शैक्षणिक ढांचे के उन्नयन का विस्तृत उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 185 महाविद्यालयों के नवीन भवनों का निर्माण कर उन्हें स्थानांतरित किया गया है,जिन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं, फर्नीचर,पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं से सुसज्जित किया गया है।इसके अतिरिक्त,विद्यार्थियों की आवश्यकतानुसार कई महाविद्यालयों में विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों सहित नए विषय प्रारंभ किए गए हैं।भरतपुर के केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में आने वाले प्रवासी पक्षियों का उत्कृष्ट उदाहरण देते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार भौगोलिक सीमाएं पक्षियों की उड़ान को नहीं रोक सकतीं,उसी प्रकार पसोपा का यह नवीन महाविद्यालय अंचल के युवाओं के सपनों को नए पंख प्रदान करेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अपने संबोधन में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की व्यापक रूपरेखा प्रस्तुत की।उन्होंने मुख्य अतिथि का डॉ बैरवा का आत्मीय स्वागत करते हुए उपस्थित जनसमूह से करतल ध्वनि के साथ उनका भव्य अभिनंदन करने का आह्वान किया।साथ ही,पधारे अतिथियों एवं पदाधिकारियों का भी यथोचित सत्कार किया।क्षेत्र में चल रहे ढांचागत विकास का विस्तृत ब्यौरा देते हुए उन्होंने बताया कि 160.26 लाख रुपये की लागत से उप-तहसील भवन खोह के शिलान्यास के अतिरिक्त,क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये की लागत से एक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है।इसके साथ ही,पर्यटन विभाग द्वारा पसोपा व आदिबद्री क्षेत्र के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु 6 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।इस पुनीत अवसर पर उन्होंने आदिबद्री की 14 कोसीय परिक्रमा कर रहे साधु-संतों, श्रद्धालुओं,माताओं-बहनों, युवाओं एवं बुजुर्गों का मंच से श्रद्धापूर्वक प्रणाम कर अभिवादन किया।

 

बृज अंचल की विश्व प्रसिद्ध एवं पावन संस्कृति का सम्मान करते हुए,समारोह के अंत में उपमुख्यमंत्री एवं गृह राज्य मंत्री ने उपस्थित विशाल जनसमूह को उल्लास के पर्व होली की अग्रिम एवं हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। गृहराज्य मंत्री ने सभी से आह्वान किया कि आज आदिबद्री के दर्शन के निमित्त पुष्प वर्षा के साथ ही होली मनाई जाए। इसके पश्चात अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने परस्पर पुष्प वर्षा कर अत्यंत आत्मीय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पारंपरिक फूलों की होली खेली। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ यह शिलान्यास समारोह क्षेत्र के समग्र विकास,प्रशासनिक सुगमता एवं शैक्षणिक उत्थान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179