Traffic Tail

जयपुर में ज्वेलरी फर्म की आठ-किलो चांदी लेकर कारीगर फरार:जेवर बनाने के नाम पर ली थी, लंबे समय से जुड़ा था कंपनी से

जयपुर के अशोक नगर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी निर्यातक फर्म से करीब 7 किलो 940 ग्राम चांदी लेकर कारीगर के फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित फर्म संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुदर्शनपुरा इंडस्ट्रियल एरिया निवासी उम्मेद सिंह धुल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह यू.वी. ओवरसीज फर्म के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जो ज्वेलरी निर्माण और निर्यात का कार्य करती है। उनकी फर्म में करीब 600 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि कई कारीगर घर पर जेवर बनाकर सप्लाई करते हैं।

जेवर बनाने के नाम पर ली थी चांदी

पीड़ित के अनुसार, सुरेश विश्वास नामक कारीगर लंबे समय से फर्म से जुड़ा हुआ था और उस पर पूरा भरोसा था। वह समय-समय पर चांदी और स्टोन लेकर घर पर जेवर तैयार कर कंपनी को जमा करता था। हाल ही में उसने 7 किलो 940 ग्राम चांदी जेवर बनाने के नाम पर ली, लेकिन तय समय पर जेवर वापस नहीं किए।

काफी समय तक टालमटोल करने के बाद आरोपी ने फोन बंद कर लिया और फरार हो गया। बाद में जानकारी मिली कि वह कोलकाता भाग गया है। पीड़ित के अनुसार, जब उससे संपर्क हुआ तो उसने साफ इनकार कर दिया कि उसके पास चांदी है या वह उसे वापस करेगा।

धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज

शिकायतकर्ता ने बताया कि चांदी देने से जुड़े सभी बिल-बाउचर उनके पास सुरक्षित हैं, जिन पर आरोपी के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चांदी की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179