Traffic Tail

मन की बात में होने वाला पीएम का संवाद राष्ट्र के विकास,नवाचार और सांस्कृतिक चेतना को देता है नई दिशा:मदन राठौड़

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के प्रसारण के उपरांत कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाला यह संवाद राष्ट्र के विकास, नवाचार और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देता है।राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में एआई शिखर सम्मेलन के संदर्भ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सदुपयोग पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक का उद्देश्य मानवता की सेवा और देश की प्रगति होना चाहिए।कृषि,पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसे क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग से किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल हो रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित और सम्मानित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। भारत चावल उत्पादन में विश्व में अग्रणी स्थान रखता है,यह गर्व का विषय है। साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी अत्यंत प्रेरणादायक है।प्रधानमंत्री द्वारा रमजान और होली जैसे पर्वों का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव का संदेश देना भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।उन्होंने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।संसद भवन और अन्य राष्ट्रीय स्थलों पर महान विभूतियों को सम्मान देना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रभक्ति को सर्वोपरि मानते हुए समाज के उत्थान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विस्थापितों को उनका उचित मुआवजा मिलना चाहिए। यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ है तो जांच के आधार पर दोषियों को कठोर दंड दिया जाएगा। कठोर दंड के प्रावधानों से अपराध पर अंकुश लगेगा और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समरस भारत की दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान है। भाजपा संगठन इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा,प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी,मिथिलेश गौतम,प्रदेश मंत्री अजीत माढण,युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा,प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक,सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा,प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता स्टेफी चौहान,मनीषा सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179