Traffic Tail

उदयपुर-जयपुर और आगरा की वंदे भारत आज से बंद:यात्रीभार न मिलने के कारण लिया फैसला, जानिए अब किस रूट पर चलाया जाएगा

राजस्थान से चलने वाली दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन 14 और 15 फरवरी 2026 से बंद किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रीभार कम रहने के कारण यह निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के बंद होने से उदयपुर से जयपुर और आगरा कैंट जाने वाले यात्रियों पर असर पड़ेगा।

रेलवे की सेमी हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेनों को तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं के लिए जाना जाता है। हालांकि संबंधित रूट पर लगातार कम पैसेंजर्स मिलने के कारण रेलवे ने इनका संचालन रोकने का फैसला किया है।

किन रूट की ट्रेनें होंगी बंद

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन संख्या 20981/82 उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी 2026 से बंद कर दी जाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 20979/80 उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 14 फरवरी 2026 से संचालन में नहीं रहेगी।

उन्होंने बताया कि इन रूट्स पर काफी समय से यात्रीभार कम देखा जा रहा था। एक ओर वंदे भारत में सीटें खाली जा रही थीं, जबकि अन्य ट्रेनों में ज्यादा भीड़ दर्ज की जा रही थी। इसी स्थिति को देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है। साथ ही जिन रूट्स पर इस ट्रेन की डिमांड ज्यादा है, वहां इसे शिफ्ट किया जा रहा है।

उदयपुर-असारवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत को मंजूरी

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद)-उदयपुर सिटी वंदे भारत ट्रेन को स्वीकृति दी है। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोड़कर) संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 26963 उदयपुर सिटी से सुबह 06.10 बजे रवाना होकर सुबह 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 26964 असारवा से शाम 17.45 बजे रवाना होकर रात 10 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे का मानना है कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक है, जिससे नई वंदे भारत को बेहतर रिस्पॉन्स मिलने की संभावना है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179