Traffic Tail

विश्व धरोहर पिंक सिटी जयपुर के संरक्षण को लेकर मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

पिंक सिटी जयपुर को यूनेस्को विश्व धरोहर शहर का दर्जा प्राप्त होना राज्य के लिए एक विशिष्ट उपलब्धि बताते हुए मुख्य सचिव ने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षण एवं पुनरुद्धार से जुड़े समस्त कार्य यूनेस्को द्वारा निर्धारित दिशा—निर्देशों के अनुरूप किए जाएं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यूनेस्को से जुड़े दायित्वों एवं मेंडेट की पूर्ति को लेकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी स्टेटस के तहत आवश्यक कार्यों की समीक्षा करते हुए ‘होल ऑफ गवर्नमेंट अप्रोच’ अपनाने पर जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय,समयबद्ध कार्यान्वयन तथा सभी एजेंसियों की साझा जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने पर्यटन विभाग,स्वायत्त शासन विभाग एवं नगरीय विकास विभाग की संयुक्त टीम को पिंक सिटी का निरीक्षण कर कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।उन्होंने वॉल्ड सिटी क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने,शहर के सौंदर्य को प्रभावित करने वाले बैनर, विज्ञापन एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विशेष रूप से हेरिटेज गेट्स एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी रखते हुए अवैध तत्वों को हटाया जाए।उन्होंने संबंधित जिला एवं जोन स्तर के अधिकारियों को विरासत क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने हेतु नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए वॉल्ड सिटी जयपुर के लिए तैयार की जा रही विशेष क्षेत्र विरासत योजना (स्पेशल एरिया हेरिटेज प्लान) की प्रगति की समीक्षा की।इसमें बताया गया कि बेस मैप,सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल, आजीविका,पर्यटन,परिवहन एवं गतिशीलता,आपदा प्रबंधन,पर्यावरण एवं परिदृश्य तथा विधायी एवं प्रबंधन ढांचे से संबंधित विभिन्न घटकों पर कार्य प्रगति पर है।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन विभाग प्रवीण गुप्ता,प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग डॉ. देबाशीष पृष्टी,शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन सहित पर्यटन, स्वायत्त शासन,नगरीय विकास,नगर निगम जयपुर व अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179