भिवाड़ी पुलिस ने ठगी के मामले में एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। तांत्रिक ने एक कंपनी कर्मचारी से टोना-टोटका के नाम पर 6.27 लाख रुपए की ठगी की। यह भिवाड़ी जिले में तांत्रिक की गिरफ्तारी का पहला मामला है। पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
सगाई करवाने के नाम पर की ठगी
तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया – उत्तर प्रदेश निवासी संदीप मौर्य ने खुशखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। संदीप ने बताया कि उसकी सगाई टूट गई थी और दोबारा सगाई नहीं हो पा रही थी, जिससे वह परेशान था। इसी दौरान उसे एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने पारिवारिक समस्याओं को दूर करने का दावा किया। आरोपी की बातों में आकर संदीप ने मई 2025 में हवन-पूजन के नाम पर पहले 5,000 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपी ने धीरे-धीरे संदीप को मानसिक रूप से अपने प्रभाव में ले लिया। उसने श्मशान पूजा न करने पर घर में किसी की मौत होने का डर दिखाकर करीब डेढ़ महीने में 6.27 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
जब संदीप की समस्याएं दूर नहीं हुईं, तो उसने किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क किया, जहां उसे ठगी का पता चला। खुद को ठगा हुआ महसूस कर संदीप ने 21 जनवरी को खुशखेड़ा थाने में मामला दर्ज कराया।
आरोपी में दिल्ली से ली ट्रेनिंग, पेंपलेट से करता था प्रचार
डीएसपी शिवराज सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद दानिश खान (26 वर्ष) पुत्र फकरुद्दीन तेली, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दानिश खुद को तांत्रिक बताता है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दो अन्य युवकों की मदद से बड़े शहरों और कॉलोनियों में पेंपलेट चिपकाता है।
इन पेंपलेट में बिना दवाई के वशीकरण, शराब छुड़ाने, ताकत बढ़ाने और गृह क्लेश दूर करने जैसी तांत्रिक पूजाओं का आश्वासन दिया जाता था। पेंपलेट पर अपना नंबर लिखकर वह परेशान लोगों को झांसे में लेता था और लाखों रुपए की ठगी करता था।
कई लोगों से कर चुका ठगी
आरोपी की व्हाट्सएप चैट और बैंक अकाउंट से पता चला है कि उसने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह लाखों रुपए ठगे हैं। पुलिस ने पूरे नेटवर्क को ट्रेस कर मुख्य आरोपी दानिश खान को गिरफ्तार किया। आरोपी बड़े शहरों और कॉलोनियों में सार्वजनिक स्थानों पर पर्चे चिपकाने के लिए दो युवकों को हायर करता था और उन्हें प्रतिदिन 600 रुपए मजदूरी देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें तांत्रिक पूजा की कई वीडियो मिली हैं। ये वीडियो सैकड़ों लोगों को भेजी गई थीं और इन्हीं के जरिए आरोपी लोगों को अपने जाल में फंसाता था। डीएसपी ने बताया कि आरोपी ने दिल्ली में ‘करीम खान’ नाम के एक तांत्रिक के पास ट्रेनिंग ली थी, जो इसी तरह लोगों से ठगी करता था। करीम खान से प्रेरित होकर दानिश ने डेढ़ साल पहले मेरठ से अपना अलग कारोबार शुरू किया और कई लोगों को ठगा। पुलिस अब आरोपी से आगे पूछताछ कर अन्य पीड़ितों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जिस बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर हुए, उसके मालिक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। यह भिवाड़ी पुलिस जिले का पहला ऐसा मामला है, जहां तांत्रिक ठगी के आरोप में गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी ठगी से बचें और किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत रिपोर्ट करें।






