Traffic Tail

पुलिस दूरसंचार कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 का अस्थायी परिणाम जारी:26 दिसंबर से होंगे डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन; मेडिकल जांच के बाद होगा फाइनल सिलेक्शन

पुलिस दूरसंचार में कॉन्स्टेबल बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कॉन्स्टेबल ऑपरेटर और ड्राइवर भर्ती-2025 का अस्थायी परिणाम जारी कर दिया गया है। हालांकि विभाग ने साफ कर दिया है कि अस्थायी सूची में नाम आने से नियुक्ति तय नहीं मानी जाएंगी। अभ्यर्थियों का डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच के बाद ही अंतिम चयन होगा।

निदेशालय पुलिस दूरसंचार द्वारा कॉन्स्टेबल ऑपरेटर और ड्राइवर भर्ती-2025 का अस्थायी परीक्षा परिणाम जारी किया गया है। एसपी (प्रथम) पुलिस दूरसंचार डॉ. हेमराज मीना ने बताया- यह अस्थायी सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST/PET) और अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन पत्र में भरी गई जानकारियों के आधार पर तैयार की गई है।

26 दिसंबर से दस्तावेज सत्यापन होगा शुरू

डॉ. मीना के अनुसार, अस्थायी रूप से सफल घोषित अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए 26 दिसंबर से 4 जनवरी 2026 तक पुलिस दूरसंचार लाइन, घाटगेट जयपुर में आमंत्रित किया गया है। इस दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।

कैटेगरी को लेकर सख्त निर्देश

विभाग के संज्ञान में आया है कि कई अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय अपनी वास्तविक श्रेणी के बजाय अन्य श्रेणी का चयन कर लिया है। इस पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि अस्थायी सूची में नाम आना नियुक्ति की गारंटी नहीं है। दस्तावेज जांच के दौरान अभ्यर्थी की वास्तविक कैटेगरी का निर्धारण किया जाएगा।

यदि अभ्यर्थी के दस्तावेज आवेदन में दर्शाई गई कैटेगरी के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा और मेरिट के आधार पर अगले पात्र अभ्यर्थी को अवसर दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमराज मीना ने बताया कि वर्गवार अंतिम चयन सूची तभी जारी होगी, जब अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण, चरित्र सत्यापन और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता में पूर्ण रूप से सफल पाए जाएंगे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179

Read More