सड़क हादसे में राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी (37) सहित तीन लोग घायल हुए हैं। विधायक की कार का शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उदयपुर-राजसमंद नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया।
दरअसल, विधायक माहेश्वरी शुक्रवार को राजसमंद दौर पर थीं। यहां वे अरविंद स्टेडियम में आयोजित गणेश उत्सव के तहत हुई भजन संध्या में शामिल हुई थी।
इस दौरान विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने महिलाओं के साथ डांस भी किया था। यहां से रात करीब 12:05 बजे उदयपुर के लिए रवाना हुई थीं।
जहां उदयपुर के अंबेरी के पास कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में विधायक, उनके PA और ड्राइवर को उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उधर, जिस गाड़ी ने टक्कर मारी, उसमें सवार चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
हाईवे के कट पर टर्न लेने के दौरान दो कारों में टक्कर हुई
उदयपुर-राजसमंद नेशनल हाईवे पर अमरखजी मंदिर से आगे चीरवा टनल की तरफ जाने वाले रोड पर कट के पास हादसा हुआ। उदयपुर से नाथद्वारा की तरफ गुजरात नंबर की गाड़ी जा रही थी। उसके ड्राइवर ने कट पर टर्न ले लिया था। टर्न लेने वाली गाड़ी ने राजसमंद से आ रही विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी की गाड़ी को टक्कर मार दी।
विधायक सहित तीन लोग सवार थे
कार में दीप्ति माहेश्वरी सहित तीन लोग सवार थे। तीनों को फौरन हॉस्पिटल पहुंचाया गया। दीप्ति माहेश्वर की पसलियों में फ्रैक्चर आया है। फिलहाल उनको आईसीयू में रखा गया है। दीप्ति के पिता सत्यनारायण माहेश्वरी ने बताया कि कार में दीप्ति के साथ PA जय और ड्राइवर धर्मेंद्र थे। जय के सिर में चोट चाटें आई हैं। धमेंद्र भी जख्मी है।
जिस गाड़ी से टक्कर हुई है, वह गुजरात नंबर ब्लैक TUV है। उदयपुर की सुखेर पुलिस ने इमरान खान (33), उस्मान गनी (25), मोहम्मद इमरान (44), सागर लोहार (21) को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। ये लोग TUV में सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि ये लोग मैकेनिक हैं और उदयपुर के ही रहने वाले हैं।






