जैसलमेर में 20 साल के युवक ने हौद में कूदकर सुसाइड कर लिया। हौद के पास एक नोट (लेटर) भी मिला है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के नाम लिखे लेटर में उसने पुलिस पर आरोप लगाए।
इसमें लिखा- जोधपुर का एक युवक उसे धमकी दे रहा है और उसे जीने नहीं दिया जा रहा है। इसमें फलोदी के मतोड़ा थाना की पुलिस भी शामिल है। राजस्थान की पुलिस 1-2 लाख के चक्कर में किसी को भी मरवा सकती है।
मामला भणियाणा थाना इलाके के रातड़िया गांव के शिवनाथ सिंह नगर में सोमवार शाम 6 बजे का है। उसका शव घर में बने हौद में मिला था। युवक RLP का कार्यकर्ता था।
इधर, आरएलपी कार्यकर्ता मंगलवार सुबह 10 बजे भणियाणा सीएचसी की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए और शव उठाने से मना कर दिया।

कुछ दिन पहले गुमशुदा युवती के साथ पकड़ा था भणियाणा थाना प्रभारी देवाराम गोदारा ने बताया- हाल ही में मतोड़ा थाना (फलोदी) इलाके में किसी लड़की की गुमशुदगी का मामला आया था। उस मामले में पुलिस ने दूदाराम सारण (20) को लड़की के साथ पकड़ा था।
पुलिस ने लड़की को उसके परिजनों और दूदाराम को उसके मामा को सौंप दिया था। ऐसे में अंदेशा है कि इसी मामले को लेकर युवक परेशान हुआ होगा।
उन्होंने बताया- दूदाराम का शव घर में ही बने पानी के हौद में मिला था। रात करीब 8 बजे दूदाराम के शव को भणियाणा सीएचसी की मॉर्च्युरी लाया गया।
मंगलवार सुबह मृतक के परिजन और RLP के कार्यकर्ता मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए। युवक की मौत के कारणों की जांच करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या और सुसाइड दोनों एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट में लिखा- मुझे जीने नहीं दे रहे युवक ने नोट में लिखा- ‘जोधपुर जिले का एक युवक बार बार फोन-मैसेज कर परेशान कर रहा है। वह मुझे जीने नहीं दे रहा है। मतोड़ा पुलिस थाना अधिकारी इसके साथ है। नेताजी राजस्थान की पुलिस इतनी गिर चुकी है कि एक लाख या 2 लाख के चक्कर में किसी को भी मरवा सकती है।’
परिजन भेजने वाले थे दुबई, सीने पर हनुमान बेनीवाल का टैटू दूदाराम अपने आप को हनुमान बेनीवाल का फैन मानता था। वह आरएलपी से बतौर कार्यकर्ता जुड़ा हुआ था। उसने अपने सीने पर हनुमान बेनीवाल का टैटू भी बनवा रखा था।
ये भी सामने आया है कि परिजन उसे कामकाज के सिलसिले में दुबई भेजने वाले थे ताकि वह राजनीति से दूर रहे।
हनुमान बेनीवाल ने X पर पोस्ट किया इधर, इस मामले में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- आरएलपी सदस्य दूदाराम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत दुखद खबर है। मैंने इस मामले में राजस्थान पुलिस के अधिकारियों से बातचीत की है।







