उदयपुर में देर रात थाने से महज 150 मीटर दूरी पर चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक की दीवार तोड़कर चोरी की कोशिश की। इस दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। बाहर आकर देखने पर चोर भाग निकले। चोरों ने बैंक की साइड की दीवार पर नीचे की तरफ करीब 2 फीट का छेद कर दिया था। घटना कोटड़ा थाना क्षेत्र की है। बैंक कोटड़ा मुख्यालय पर बना है।
घटना बीती रात करीब 2:30 बजे की है। दीवार तोड़े जाने की आवाज सुनकर आसपास लोग जाग गए। लोगों ने बाहर आकर देखा तो दो युवक दिखाई दिए। इसके बाद बदमाश तुरंत मौके से फरार हो गए। लोगों का कहना है कि कुछ देर से दीवार को तोड़े जाने की आवाज लगातार आ रही थी। कोई घटना का अंदेशा होने से वे घर से बाहर आए तब वारदात का पता लगा।

रातभर बिजली गुल थी, अंधेरा का फायदा उठाकर आए बीते तीन दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते कोटड़ा में देर शाम से रातभर बिजली गुल थी। चारों ओर अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। घटना स्थल पर सुबह लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
कोटड़ा थानाधिकारी मुगलाराम और बैंक प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना करते हुए घटना की जानकारी ली। बैंक मैनेजर ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए चोरों की पहचान करने में जुट गई है।






