आवासीय समिति के गेट पर हंगामा, युवक गिरफ्तार; पिता-पुत्र के खिलाफ परिवाद
हिंद रफ्तार,जयपुर
प्रताप नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-28 स्थित उत्सव आवासीय समिति के मुख्य प्रवेश द्वार पर रविवार को एक युवक द्वारा कथित रूप से हंगामा करने का मामला सामने आया। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
सोसायटी के सुरक्षा कर्मियों एवं स्थानीय निवासियों के अनुसार, बाहरी व्यक्ति के रूप में पहुंचे युवक से सुरक्षा गार्ड ने प्रवेश संबंधी जानकारी और एंट्री दर्ज कराने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवक ने वाहन को पीछे लेते हुए पास में खड़े एक निवासी को टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके बाद मुख्य मार्ग पर काफी देर तक विवाद और हंगामा चलता रहा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
निवासियों का आरोप है कि हंगामे के दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। बाद में युवक ने अपने पिता को भी मौके पर बुला लिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा पुत्र शिवचरण मीणा को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद सोसायटी के पदाधिकारियों एवं कई निवासियों ने दोनों के खिलाफ ऑनलाइन परिवाद भी दर्ज कराया है।
पुलिस अधिकारियों ने सोसायटी के लोगों को आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना दोबारा होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के अनुसार शांति भंग की आशंका में पाबंद करने सहित सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई।






