Traffic Tail

चूरू पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप: बड़ी वारदात से पहले दबोचा गया हत्या और डकैती का आरोपी

चूरू पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप: बड़ी वारदात से पहले दबोचा गया हत्या और डकैती का आरोपी

• एजीटीएफ चुरू और राजगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; अवैध रिवाल्वर बरामद

 

जयपुर/चूरू, अनिल शर्मा

चूरू जिले में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत चूरू पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स चुरू और राजगढ़ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी रिवाल्वर बरामद कर किसी बड़ी संभावित वारदात को होने से पहले ही टाल दिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान संदीप ढाका उर्फ ढाका (23) निवासी बैरासर मझला राजगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या और डकैती सहित कुल 5 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह प्रसिद्ध प्रदीप जैतपुरा हत्याकांड और डकैती के प्रकरणों में जेल की हवा खा चुका है और करीब 5 साल जेल में रहने के दौरान भी वह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है।

     जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि शनिवार को एजीटीएफ टीम को सूचना मिली कि संदीप ढाका क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहा है। इस पर टीम प्रभारी आईपीएस अभिजीत पाटिल के नेतृत्व में टीम ने राजगढ़ पुलिस के साथ मिलकर झुंझुनूं पुलिया के पास घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ।

 अब तक 11 अवैध हथियार बरामद

ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत चूरू पुलिस अब तक 11 अवैध पिस्टल, देशी कट्टे और कारतूस बरामद कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

इस सफल ऑपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण के सुपरविजन और राजगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग के नेतृत्व में एजीटीएफ टीम चुरू से एएसआई सज्जन कुमार, कांस्टेबल कपिल, अमित कोठारी, साइबर सेल से हेड कांस्टेबल रामाकान्त, राजगढ़ पुलिस से कांस्टेबल कृष्ण कुमार, गायत्री, मनोज कुमार और चालक राजेन्द्र शामिल थे।

————-

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179