Traffic Tail

जोधपुर में अपनी बेटी की शादी के पैसे गंवाए:साइबर क्राइम- तीन लोगों से 27 लाख ठगे; महिला को फर्जी ट्रैफिक चालान के नाम पर ठगा

जोधपुर में साइबर अपराध का जाल फैलता जा रहा है, जहां शातिर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। शहर में साइबर अपराध के तीन चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं पहला मामला क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का है, जहां एक व्यक्ति को 21.5 लाख रुपए का चूना लगाया गया।

दूसरा मामला एक सेवानिवृत्त सैनिक से जुड़ा है, जिसने अपनी बेटी की शादी के लिए जमा किए गए 5.39 लाख रुपए एक फर्जी बैंकिंग ऐप के जरिए गंवा दिए। वहीं, तीसरे मामले में एक महिला को फर्जी ट्रैफिक चालान के नाम पर 49,900 रुपए की चपत लगी

अब तीनों मामलों को सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए…

केस-1: क्रिप्टो करेंसी निवेश में 21.5 लाख की ठगी चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में रहने वाले हबीबुर्रहमान नामक एक लोहार कारीगर को क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 21.5 लाख रुपए की ठगी का शिकार बनाया गया। हबीबुर्रहमान के अनुसार, फेसबुक पर मो. मोहिद नामक एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और USDT क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने का प्रलोभन दिया। आरोपी ने कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का दावा किया। 21 अगस्त को पहली मुलाकात के बाद, हबीबुर्रहमान ने 35,000 रुपए का निवेश किया, जिस पर उन्हें तुरंत 2,000 रुपए का मुनाफा हुआ।

इससे उनका विश्वास बढ़ गया। 23 अगस्त को, हबीबुर्रहमान अपने दोस्त के साथ 21.50 लाख रुपए लेकर एम्स रोड पहुंचे, जहाँ उन्हें एक कार में बैठाकर जुणावा ढाणी के पास ले जाया गया। वहां, कुछ लोगों ने उनसे पैसे छीन लिए। इसके बाद, मो. मोहिद ने संपर्क करना बंद कर दिया।

केस-2: फर्जी बैंकिंग ऐप से बेटी की शादी के 5.39 लाख उड़ाए बनाड़ पुलिस थाना क्षेत्र में, राजसमंद के रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिक घीसुलाल को फर्जी बैंकिंग ऐप के माध्यम से 5.39 लाख रुपए की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। घीसुलाल ने अपनी बेटी की शादी के लिए फिक्स डिपॉजिट तोड़कर यह राशि अपने बचत खाते में रखी थी। 23 अगस्त को, उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया और YONO SBI ऐप डाउनलोड करने के लिए एक फर्जी लिंक भेजा गया। ऐप डाउनलोड करने के बाद, उनके खाते से 5.39 लाख रुपए निकाल लिए गए।

केस-3: फर्जी ट्रैफिक चालान से महिला के साथ 49,900 की धोखाधड़ी प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रिदम माथुर नामक एक महिला को फर्जी ट्रैफिक चालान के नाम पर 49,900 रुपए की ठगी का शिकार बनाया गया। रिदम माथुर को व्हाट्सऐप पर उनकी गाड़ी के चालान से संबंधित एक फर्जी मैसेज मिला। मैसेज पर क्लिक करने के बाद, साइबर अपराधियों ने उनसे आधार कार्ड और PAN कार्ड की जानकारी मांगी और उनके खाते से 49,900 रुपए निकाल लिए।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179