Traffic Tail

50 वर्ष बाद रूपा नदी का जलभराव, पैतृक गांव मानपुरा में ग्रामीणों के साथ भागीरथ चौधरी ने की पूजा-अर्चना

संसदीय क्षेत्र अजमेर के पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में स्थित मानपुरा गांव से होकर बहने वाली ऐतिहासिक रूपा (रूपन) नदी लगभग 50 वर्षों के बाद मानसून की अच्छी वर्षा के कारण पूरे वेग से भरी। सोमवार को नदी के ताजगी भरे प्रवाह ने पूरे इलाके को उत्साह और उल्लास से सराबोर कर दिया।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने अपने पैतृक गांव मानपुरा पहुँचकर ग्रामीणों के साथ नदी में पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों के साथ जल में अठखेलियाँ कीं। उनके साथ नरवर, मानपुरा की ढाणी, निम्बोकिया की ढाणी, टिडानिया की ढाणी, भावनीखेड़ा और टिडाणा समेत आस-पास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान हर चेहरे पर मुस्कान और खुशी का माहौल देखने को मिला।

रूपा नदी का उद्गम कायड़ के फूलसागर तालाब से होता है। यह नदी मानपुरा, सलेमाबाद और रूपनगढ़ होते हुए सांभर झील में समाहित होती है। स्थानीय मान्यता और लोकजीवन में इस नदी का विशेष महत्व है। पिछले पाँच दशकों से सूखी पड़ी इस नदी के प्रवाह को देखकर ग्रामीणों ने इसे ईश्वर की कृपा और समृद्धि का संकेत माना।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि रूपा नदी केवल जलधारा ही नहीं, बल्कि हमारे लोकजीवन और परंपराओं की जीवनरेखा है। 50 साल बाद इसे भरा हुआ देखना आनंद और आस्था का विषय है। यह हमें जल संरक्षण और प्रकृति के साथ संतुलन की महत्ता का संदेश देती है। पूरे क्षेत्र में नदी के बहाव को लेकर उत्सव जैसा वातावरण रहा। महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग सभी नदी तट पर पहुँचकर पूजा-अर्चना और हर्षोल्लास में शामिल हुए।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179