भारत में सोने और चांदी की कीमत ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शुक्रवार को स्टैंडर्ड सोने की कीमत 900 रुपए बढ़कर एक लाख 4 हजार 800 रुपए के शिखर पर पहुंच गई है। वहीं, चांदी प्रति किलो की कीमत में 500 रुपए की तेजी आई है। इसके बाद प्रति किलो चांदी की कीमत इतिहास में पहली बार एक लाख 20 हजार 700 रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार अगले कुछ दिनों में कीमती धातुओं की कीमत में और तेजी आने की प्रबल संभावना है।
सर्राफा एसोसिएशन के सुशील राजावत ने बताया- वैश्विक बाजार में पिछले कुछ दिनों से अस्थिरता का माहौल था। इसकी वजह से दुनिया के बड़े देश कीमती धातु में निवेश करना पसंद कर रहे हैं। यही कारण है कि पिछले दिनों हुई गिरावट के बाद अचानक सोने और चांदी की कीमत में एक बार फिर रिकॉर्ड तेजी का दौर देखने को मिल रहा है। जिसके बाद आज चांदी की कीमत ने जहां इतिहास के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वहीं सोने की कीमत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लागू कर दिया है। ऐसे में सोने और चांदी दोनों की कीमत में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जिसे सोने की कीमत एक लाख पांच हजार और चांदी एक लाख 21 हजार के आंकड़े को पार कर सकती है।
जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत एक लाख 4 हजार 800 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 97 हजार 700 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 81 हजार 700 रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 65 हजार रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत एक लाख 20 हजार 700 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है।






