फलोदी के बावडी कला गांव में बिजली उपकरण चोरी का एक मामला सामने आया है। रात करीब डेढ़ बजे सरकारी स्कूल के पीछे सिंगल फेस ट्रांसफार्मर चोरी का प्रयास किया गया। इस दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान राणेरी निवासी विकास (26) पुत्र माणक राम विश्नोई के रूप में हुई है। उसके साथी उसे रात साढ़े तीन बजे जिला अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डिस्कॉम जेईएन अरविंद पंवार ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तीन लोग वाहन से ट्रांसफार्मर चुराने आए थे। उन्होंने अरथिंग वायर काट दी और 11 केवी लाइन की तार काटने की कोशिश की। इसी दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया।
जेईएन ने सुभाष पुत्र बीरबलराम विश्नोई और विकास पुत्र मादाराम के खिलाफ बिजली उपकरण चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली उपकरण चोरी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। इसी स्थान पर दिसंबर-जनवरी में भी एक ट्रांसफार्मर चोरी हुआ था। मार्च में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था।
ग्रामीणों ने फलोदी पहुंचकर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बिजली चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सुबह पुलिस और डिस्कॉम की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की।
ग्रामीण पहुंचे फलोदी बावडीकला से ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल 4 बजे फलोदी पहुंचा और कलेक्टर एसपी को ज्ञापन देकर बिजली चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि कल रात एक युवक की ट्रांसफार्मर चोरी के दौरान करंट से मौत हो गई। इससे पूर्व भी यहां ट्रांसफार्मरों की चोरी हो चुकी है। ऐसे तीन चार मुकदमें पुलिस थाना में दर्ज हुए है लेकिन किसी का खुलासा नहीं हुआ। लगातार हो रही चोरियों और उनका खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह, देवी सिंह, जैकी, शक्ति सिंह, तगसिंह, शंकर सिंह, राजू सिंह, पंकज सिंह, दिलीप सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।






