Traffic Tail

राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं केन्द्रीय संचार मन्त्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की भेंट

राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं केन्द्रीय संचार मन्त्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की भेंट

तारागढ़ क़िला और वरुण सागर को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय सहायता दिलाने का आग्रह

अजमेर में डाकघर और बीएसएनएल से सटी सड़क सम्बन्धी विषय पर कार्यवाही कराने का अनुरोध

हिंद रफ्तार,जयपुर
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अपने नई दिल्ली प्रवास में मंगलवार को केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केन्द्रीय संचार मन्त्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट की और अजमेर के पर्यटन विकास कार्यों और कतिपय अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

तारागढ़ और वरुण सागर के लिए केंद्रीय सहायता का आग्रह

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ भेंट में विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने अजमेर के ऐतिहासिक तारागढ़ किला और वरुण सागर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के सम्बन्ध में चर्चा की और इसके लिए यथोचित केन्द्रीय सहयोग प्रदान कराने का आग्रह किया ।

विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने बताया कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़े ऐतिहासिक तारागढ़ किला के विकास के लिए राजस्थान सरकार ने भी अपने बजट में वित्तीय प्रावधान की घोषणा की है।ऐतिहासिक तारागढ़ किला को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की इस महत्वाकांक्षी योजना को पूरा करने के लिए केन्द्रीय सहायता की महती आवश्यकता है। इसी प्रकार अजमेर के वरुणसागर  जिसका पूर्व में नाम फाय सागर था,को भी पर्यटन की दृष्टि से आकर्षण बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है तथा यहाँ शीघ्र वरुण देवता की अष्ट धातु की एक मूर्ति भी स्थापित की जायेगी। देवनानी ने बताया कि अजमेर में अंग्रेज़ी और  औपनिवेशिक काल की गुलामी के प्रतीक कई नामों को बदला गया है। इसी क्रम में फाय सागर का नाम भी परिवर्तित कर जल के देवता वरुण सागर के नाम पर रखा गया है । उन्होंने बताया कि वरुण सागर को एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने के प्रयास किए जा रहें है ।

केन्द्रीय मंत्री का आश्वासन

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विधानसभाध्यक्ष देवनानी का आश्वस्त किया कि ऐतिहासिक तारागढ़ क़िला और वरुण सागर सहित अजमेर के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास का विस्तृत प्रोजेक्ट बनवा कर केन्द्र सरकार से समुचित केन्द्रीय सहायता दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा ।

सड़क चौडी करने सम्बन्धी विषय पर चर्चा

विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने केन्द्रीय संचार मन्त्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से अजमेर में बीएसएनएल और डॉक घर कार्यालय  के पास की सड़क को चौड़ी करने सम्बन्धी विषय पर चर्चा की तथा बताया कि अजमेर में जाम की समस्या को दूर करने तथा सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए इन कार्यालय के पास की सड़क को चौड़ी करना आवश्यक है । जनहित में इन कार्यालयों की भूमि की आवश्यकता है। क्योंकि नए एलिवेटेड रोड और आगरा फोर्ट गेट के पास प्रायः दुर्घटनाए होती है । उन्होंने सिन्धिया से इस लम्बित विषय का शीघ्र निराकरण करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।

केन्द्रीय संचार मन्त्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विधानसभाध्यक्ष  देवनानी को आश्वस्त किया कि वे इस सम्बन्ध में शीघ्र ही अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्चित करायेंगे।

संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के 2 वर्ष “ और विधान सभा दैनंदिनी एवं “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” पुस्तक भेंट

इस अवसर पर विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने दोनों केन्द्रीय मन्त्रियों को विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित “संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के 2 वर्ष “ और विधान सभा की दैनंदिनी के साथ ही अपनी स्वलिखित पुस्तक “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि”  पुस्तक भेंट की।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179